1:04 pm Tuesday , 21 July 2026
BREAKING NEWS

खाड़ी युद्ध -फोन, एसी से लेकर एलईडी, लैपटॉप भी हुआ महंगा

खाड़ी युद्ध -फोन, एसी से लेकर एलईडी, लैपटॉप भी हुआ महंगा।

-बदांयू एक्सप्रेस टीम की रिपोर्ट –

बदांयू 5 अप्रैल।

इस्राइल, अमेरिका-ईरान के बीच चल रहे युद्ध का असर स्थानीय बाजार पर भी पड़ रहा है। मोबाइल फोन, एसी से लेकर एलईडी, लैपटॉप तक महंगा हो गया है। रोजमर्रा का सामान महंगा होने से आम आदमी की जेब ढीली हो रही है और खरीदारी पर साफ असर दिखाई दे रहा है।

 

भारत में इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद और पुर्जे बाहर से आते हैं। अब युद्ध चलने की वजह से सामान आने में परेशानी आ रही है। कूलर, एसी के दाम में बढ़ोतरी होने से खरीदारी पर भी असर दिखाई दे रहा है। तनाव के कारण कच्चे तेल की सप्लाई प्रभावित होने से प्लास्टिक दाना महंगा हो गया है। पहले प्रति किलो प्लास्टिक दाने की कीमत 105 रुपये थी, जो अब बढ़कर 220 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है। इसकी वजह से प्लास्टिक से तैयार होने वाले उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी हो गई है। कूलर के दाम भी 10 से 20 प्रतिशत तक बढ़ गए हैं।

इसके अलावा कंपनियों में उत्पादन कम होने से एसी के दाम में छह से 12 प्रतिशत तक इजाफा हुआ है। मोबाइल फोन के दाम में भी दस प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। अलग-अलग कंपनी की एलईडी की कीमत पांच से आठ प्रतिशत बढ़ी है। इसकी वजह से लोग कम खरीदारी कर रहे हैं।

युद्ध की वजह से गैस आपूर्ति में भी दिक्कत हो रही है। इसका असर उत्पादन पर देखने को मिल रहा है। एसी प्लांट गैस आपूर्ति पूरी नहीं होने से उत्पादन कम कर रहे हैं जबकि, मांग बढ़ रही है। यही वजह है एसी की कीमतों में छह से 10 प्रतिशत बढ़ोतरी हो रही है।

दुकानदार राकेश गोयल ने बताया कि मोबाइल, एसी, एलईडी सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पाद महंगे हुए हैं। सबसे ज्यादा महंगाई मोबाइल पर देखने को मिल रही है। आईफोन 15, 16 की कीमत में पांच हजार रुपये की बढ़ोतरी हुई है। यही हाल दूसरे इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों का भी है।

मनोज कोचर
का कहना है कि ईरान, इस्राइल-अमेरिका के बीच चल रहे युद्ध से स्थानीय बाजार प्रभावित हुआ है। कृषि क्षेत्र से लेकर टूल्स और इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पाद महंगे हो गए हैं। कीमत बढ़ने से ग्राहक खरीदारी करने में कम रुचि दिखा रहे हैं।

विज्ञापन एक्सप्रेस