10:37 am Thursday , 23 July 2026
BREAKING NEWS

*इस्लामनगर की सैफुल्लागंज गौशाला में दर्दनाक लापरवाही: जिंदा गौवंश को कुत्तों ने नोचा, जिम्मेदार बेखबर*

*बदायूं*

*केशव गुप्ता*

विकास खंड इस्लामनगर की ग्राम पंचायत सैफुल्लागंज स्थित गौशाला में अव्यवस्थाओं और लापरवाही का बेहद गंभीर मामला सामने आया है, जिसने पशु संरक्षण व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार गौशाला में एक जीवित गौवंश को आवारा कुत्तों द्वारा नोच-नोचकर खा लिया गया, लेकिन जिम्मेदार विभाग समय रहते कोई कार्रवाई नहीं कर सका।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि गौशाला में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं हैं, जिसके चलते आए दिन आवारा कुत्ते अंदर घुस जाते हैं और गौवंश पर हमला कर देते हैं। सबसे हैरानी की बात यह है कि घटना के समय भी कोई कर्मचारी मौके पर मौजूद नहीं था, जिससे समय रहते गौवंश को बचाया नहीं जा सका।
ग्रामीणों का कहना है कि पशुपालन विभाग की लापरवाही लगातार उजागर हो रही है। गौशालाओं में तैनात पशु चिकित्सक नियमित रूप से निरीक्षण करने नहीं पहुंचते, जिससे बीमार और कमजोर गौवंश की हालत दिन-ब-दिन खराब होती जा रही है। समय पर इलाज और देखभाल के अभाव में गौवंश असहाय हो जाते हैं और इस तरह की दर्दनाक घटनाओं का शिकार बनते हैं।
गौशाला में साफ-सफाई, चारे और पानी की भी समुचित व्यवस्था नहीं होने की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा केवल कागजी खानापूर्ति की जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और गौशालाओं की व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.