8:59 am Thursday , 23 July 2026
BREAKING NEWS

33 केवीए लाइन फाल्ट ने रोकी कुंवर गांव की रफ्तार, 17 घंटे जनजीवन अस्त-व्यस्त

कुंवर गांव बिजली उपकेंद्र की 33 केवीए लाइन में फाल्ट आने से क्षेत्र की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। शुक्रवार और शनिवार की मध्यरात्रि लगभग डेढ़ बजे आंवला से कुंवर गांव को आने वाली 33 केवीए लाइन में अचानक फाल्ट आ गया, जिसके चलते गांव और आसपास के क्षेत्रों में अंधेरा छा गया।

बिजली विभाग के कर्मचारियों द्वारा लगातार फाल्ट ठीक करने के प्रयास किए गए, करीब 17 घंटे से अधिक समय तक बिजली न आने के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।

बिजली आपूर्ति ठप होने से लोगों के घरों में इन्वर्टर जवाब दे गए, वहीं पेयजल व्यवस्था भी पूरी तरह गड़बड़ा गई। मजबूरन ग्रामीणों को हैंडपंप का सहारा लेना पड़ा। कड़ाके की ठंड के बीच बिजली न होने से लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। घरों, दुकानों और मिष्ठान भंडारों में समस्त विद्युत उपकरण बंद पड़े रहे।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि 33 केवीए लाइन काफी जर्जर अवस्था में है, जो आए दिन टूटकर गिर जाती है। घना कोहरा और ठंड के मौसम में बार-बार लाइन में फाल्ट आना आम बात हो गई है, जिससे ग्रामीणों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

खबर लिखे जाने तक इस संबंध में एसडीओ अमर सिंह ने बताया कि 33 केवीए लाइन ब्रेकडाउन में है। विभागीय स्टाफ मौके पर कार्य कर रहा है और जल्द ही बिजली आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी। वहीं शनिवार शाम लगभग 5 बजे बिजली आपूर्ति बहाल होने पर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

 

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.