7:21 am Thursday , 23 July 2026
BREAKING NEWS

श्री हनुमान (बाबाजी) का पाँचवाँ जन्मोत्सव हर्षोल्लास से मनाया

बिसौली। श्री बालाजी बल्देव धाम, गुधनी में श्री हनुमान (बाबाजी) का पाँचवाँ जन्मोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास, श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। प्रात बेला में धाम के पीठाधीश्वर परम पूज्य श्री ललितेश्वरानंद जी महाराज के पावन सान्निध्य में श्री हनुमानजी महाराज का अलौकिक चोला अर्पण किया गया। इसके पश्चात भक्तगणों द्वारा हनुमान चालीसा पाठ और आरती का आयोजन हुआ, जिससे सम्पूर्ण धाम जय बजरंगबली के जयघोषों से गूंज उठा। पूज्य महाराज जी ने अपने आशीर्वचन में कहा कि जो भक्त श्रद्धा और सच्चे मन से हनुमान सेवा में जुटा रहता है, उसके सभी संकट स्वयं प्रभु दूर कर देते हैं। कार्यक्रम के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें सैकड़ों की संख्या में संत-महंतों सहित आसपास के गाँवों और दूर-दूर से आए श्रद्धालु भक्तों ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। धाम का सम्पूर्ण वातावरण भक्तिमय आलोक और हनुमान भक्ति की दिव्यता से ओतप्रोत रहा। इसके साथ ही संत पीठाधीश्वर महाराज ने श्रद्धालुओं को भक्ति, सेवा और संयम के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि बाबा बल्देव धाम आने वाला प्रत्येक भक्त मन की शुद्धि और आत्मबल प्राप्त करता है। उत्सव के अवसर पर धाम को पुष्पों और दीपमालाओं से भव्य रूप से सजाया गया। देर रात तक भक्तजन हनुमान भजन कीर्तन में लीन होकर बाबा बल्देव धाम की पावन वाणी में डूबे रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.