5:06 pm Sunday , 2 August 2026
BREAKING NEWS

बदायूं में युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

नोएडा के ठेकेदार पर पैसे के विवाद में उकसाने का आरोप, परिजनों ने दी तहरीर

बदांयू 26 अक्टूबर।
सौम्य सोनी की रिपोर्ट—-

बदायूं के जरीफनगर थाना क्षेत्र के समसपुर मलिक फत्ता गांव में एक 23 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका मिला। युवक की पहचान भूरे पुत्र कल्यान के रूप में हुई है। इस घटना से गांव में हड़कंप मच गया।

परिजनों के अनुसार, भूरे नोएडा में एक ठेकेदार के यहां मजदूरी करता था। वह दो दिन पहले ही घर लौटा था। 25 अक्टूबर की रात को उसका शव गांव के जंगल में एक पेड़ पर फांसी के फंदे पर झूलता हुआ पाया गया।

शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। रविवार की सुबह परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।पुलिस को दी गई तहरीर में परिवार ने नोएडा निवासी एक ठेकेदार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि ठेकेदार ने एक महीने पहले भूरे का ट्रैक्टर मिट्टी के काम के लिए 40 हजार रुपए प्रति माह पर लिया था।

आरोप है कि बाद में ठेकेदार ने भूरे को अपनी पुरानी गाड़ी दे दी और उसे ओला में चलाकर अच्छी कमाई करने का लालच दिया। ठेकेदार ने भूरे के खाते में बाकी पैसे डालने का वादा किया था।

भूरे 23 अक्टूबर को यह गाड़ी लेकर घर आया और उसने परिवार को पूरी बात बताई। इसके बाद परिवार ने ठेकेदार को फोन कर बकाया रकम खाते में डालने को कहा। आरोप है कि इस दौरान ठेकेदार ने फोन पर भूरे के परिवार के साथ अभद्रता की।

परिजनों का आरोप है कि ठेकेदार की इस अभद्रता से क्षुब्ध होकर भूरे ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। परिवार ने अब जरीफनगर थाना पुलिस को ठेकेदार के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने की धाराओं में तहरीर दी है।

विज्ञापन एक्सप्रेस