सहसवान में एक सड़क दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। यह हादसा सहसवान कोतवाली क्षेत्र के प्रीतमनगर गांव के पास बदायूं-मेरठ राजमार्ग पर रविवार सुबह करीब 6 बजे हुआ, जब एक तेज रफ्तार बस ने आगे जा रही ईको कार को पीछे से टक्कर मार दी।
कार में सवार परिवार दीपावली का त्योहार मनाने दिल्ली से शाहजहांपुर स्थित अपने घर जा रहा था। कार में आदित्य (26), उनकी पत्नी रीता (21), भाई आकाश सक्सेना, अविनाश सक्सेना और ड्राइवर साजिद सहित कुल पांच लोग सवार थे।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ईको कार की पिछली सीट पर बैठी रीता (21) की मौके पर ही मौत हो गई। अविनाश सक्सेना, आकाश सक्सेना (दोनों निवासी शाहजहांपुर) और ड्राइवर साजिद घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने मृतका रीता के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद बस चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
सहसवान कोतवाल राजेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि अज्ञात बस की टक्कर से एक महिला की मौत हुई है। उन्होंने यह भी बताया कि फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।








badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
