टेंडर प्रक्रिया शुरू -एनईआर में कुल 2000 कोच में लगाए जाएंगे कैमरे।
बरेली 10 अक्टूबर।
पूर्वोत्तर रेलवे के ट्रेनों के सभी कोच में दिवाली बाद सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। रेल प्रशासन ने एजेंसी नामित करने के लिए टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी है। गोरखपुर मुख्यालय और तीनों मंडल इज्जतनगर , लखनऊ, ओर वाराणसी में कुल 2000 कोच में कैमरे लगाए जाएंगे।
रेल प्रशासन के मुताबिक, एसी और स्लीपर कोच में चार-चार कैमरे लगाए जाएंगे। इसमें दो-दो दोनों प्रवेश द्वार के पास लगाए जाएंगे। जबकि, जनरल कोच में छह कैमरे लगेंगे। जनरल कोच में तीन प्रवेश द्वार होते हैं, दो-दो कैमरे प्रत्येक प्रवेश द्वार के पास रहेंगे। इससे गैलरी भी कवर हो जाएगी। इमू और मेमो ट्रेनों में एक कैमरा प्रवेश द्वार और एक गैलरी में लगेगा। इसके अलावा इंजन पर कैमरा लगाया जाएगा।
पूर्वोत्तर रेलवे में कुल 88 एक्सप्रेस और 110 पैसेंजर ट्रेनें चलती हैं। इन सभी ट्रेनों के कोच में सीसीटीवी कैमरे लगने से यात्रियाें की सुरक्षा बढ़ जाएगी। किसी भी आपराधिक घटना और बवाल की रिकॉर्डिंग रेल प्रशासन के पास रहेगी। इससे जांच में भी मदद मिलेगी, साथ ही चोरी की घटनाएं पकड़ में आ जाएंगी।


——————
संरक्षा और सुरक्षा को सुदृढ़ करने के क्रम में सभी कोचों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जल्द ही एजेंसी नामित कर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
-पंकज कुमार सिंह जनसंपर्क अधिकारी-एनईआर।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
