गेंहू की रखवाली कर रहे किसान पर सांड ने किया हमला,घायल
बिल्सी। तहसील क्षेत्र के गांव सिरासौल सीताराम पट्टी में गेंहू की फसल की रखवाली कर रहे एक किसान पर आवारा सांड़ ने हमला बोलकर घायल कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसका इलाज एक निजी चिकित्सक के यहां चल रहा है। मिली जानकारी के मुताबिक गांव सिरासौल सीताराम पट्टी निवासी किसान अकील अंसारी बीती बृहस्पतिवार की शाम करीब चार बजे वनबहेटा गांव के निकट अपने गेंहू की फसल की रखवाली कर रहा था। बताते है कि अकील रोज की भांति अपने खेतों की रखवाली कर रहा था। तभी घूमता हुआ एक सांड़ उनके खेत की ओर आ गया। जिसे भगाने की उन्होने कोशिश की तो सांड ने उन पर हमला बोल दिया। जिससे अकील अंसारी गंभीर रूप से घायल हो गया। चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे किसानों ने मौके पर आकर सांड़ को भगाकर बामुश्किल से उसकी जान बचाई। इसके बाद परिवार के लोग गंभीर रूप से घायल किसान को एक निजी अस्पताल में ले गए। जहां पर उनका उपचार चल रहा है। जहां पर किसान की हालत गंभीर बताई जा रही है। क्षेत्र में आवारा सांड़ों के हमलों से किसानों में दहशत का माहौल है।