7:08 pm Friday , 31 July 2026
BREAKING NEWS

कांवड़ यात्रा के चलते बदायूं में 10 दिन स्कूल बंद- शनिवार-सोमवार को छुट्टी, शिक्षक फिर भी ड्यूटी पर आएंगे

कांवड़ यात्रा के चलते बदायूं में 10 दिन स्कूल बंद।

शनिवार-सोमवार को छुट्टी, शिक्षक फिर भी ड्यूटी पर आएंगे।

बदांयू 31 जुलाई।

सावन में निकलने वाली कांवड़ यात्रा के मद्देनजर जिले के स्कूली बच्चों की सुरक्षा और शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम रखने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। डीआईओएस ने जिलाधिकारी अवनीश राय के अनुमोदन के बाद अगस्त में 10 दिन का विशेष अवकाश घोषित कर दिया है।

जिले के सभी मान्यता प्राप्त और सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में अगस्त के हर शनिवार और सोमवार को छात्र-छात्राओं की छुट्टी रहेगी। आदेश के अनुसार इन 10 तारीखों पर स्कूल नहीं खुलेंगे-
1, 3, 8, 10, 15, 17, 22, 24, 29 और 31 अगस्त 2026।

डीआईओएस कार्यालय का कहना है कि इन दिनों प्रमुख मार्गों पर कांवड़ियों की भारी भीड़ और डायवर्जन के कारण बच्चों को स्कूल आने-जाने में दिक्कत हो सकती थी। इसी को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

स्कूल बंद होने का मतलब छुट्टी नहीं है। आदेश में साफ किया गया है कि सभी शिक्षक और कर्मचारी निर्धारित समय पर स्कूल पहुंचेंगे। इस दौरान शासकीय कार्य, रिकॉर्ड अपडेट, विभागीय बैठकें और अन्य जरूरी काम निपटाए जाएंगे। शासन से आने वाले निर्देशों का पालन भी सुनिश्चित किया जाएगा।

स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त का समारोह पूरे सम्मान के साथ मनाया जाएगा। डीआईओएस ने कहा कि झंडारोहण और सांस्कृतिक कार्यक्रम तय समय पर होंगे।
इसी तरह जिन स्कूलों में पहले से अर्धवार्षिक या मासिक परीक्षाएं निर्धारित हैं, वे अपने तय शेड्यूल के अनुसार ही होंगी। विभाग की अन्य योजनाएं और गतिविधियां भी पहले की तरह चलती रहेंगी।

अधिकारियों के मुताबिक कांवड़ यात्रा के दौरान हरदोई रोड, कासगंज रोड और शहर के भीतर वाले मार्गों पर जाम की स्थिति बनती है। छात्रों को उस भीड़ से बचाने और अभिभावकों को परेशानी से राहत देने के लिए ही यह कदम उठाया गया है।

डीआईओएस ने सभी विद्यालय प्रबंधकों को आदेश का कड़ाई से पालन करने और अभिभावकों को तिथियों की सूचना समय से देने के निर्देश दिए हैं।

विज्ञापन एक्सप्रेस