8:49 pm Thursday , 30 July 2026
BREAKING NEWS

कांवड़ यात्रा को लेकर कुंवरगांव थाने में पीस कमेटी की बैठक, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर

कुंवर गांव संवाददाता

कुंवरगांव बदांयू । आगामी कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को थाना कुंवरगांव परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष राजेश कौशिक ने की। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, डीजे संचालकों और क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों के साथ यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात एवं कानून-व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

थानाध्यक्ष राजेश कौशिक ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान माहौल बिगाड़ने या अफवाह फैलाने वाले किसी भी खुराफाती तत्व के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी से प्रशासन का सहयोग करने, आपसी भाईचारा बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की।

उन्होंने बताया कि आंवला-बदायूं मार्ग से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कछला गंगा घाट से गंगाजल लेने जाते हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए इस मार्ग पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। साथ ही, यात्रा के दौरान रोडवेज बसों के संचालन में भी आवश्यक परिवर्तन किए गए हैं ताकि कांवड़ियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

बैठक में डीजे संचालकों को शासन की गाइडलाइन का पालन करने के निर्देश दिए गए। स्पष्ट किया गया कि डीजे की ऊंचाई निर्धारित सीमा (लगभग 10 से 12 फीट) से अधिक नहीं होनी चाहिए। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में नगर अध्यक्ष पति अरविंद रावत, एसआई सुभाष चंद्र आर्य, एसआई विनोद कुमार, उपाध्यक्ष अनिल सिंह, जिला पंचायत सदस्य आजम चौधरी, राम शर्मा, यशवीर सिंह, पंकज गुप्ता सहित क्षेत्र के ग्राम प्रधान एवं बड़ी संख्या में संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस