बदायूं
भक्ति के रंग में रंगा उसावां: भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा एवं काली माता प्रतिमा स्थापना महोत्सव का शुभारंभ
केशव गुप्ता
उसावां (बदायूं)। नगर उसावां बुधवार को भक्ति और श्रद्धा के रंग में सराबोर दिखाई दिया। प्राचीन दुर्गा माता मंदिर परिसर में काली माता प्रतिमा स्थापना महोत्सव एवं श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ पर विशाल कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा में सैकड़ों महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ भाग लिया। डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों और “जय माता दी” के जयघोष से नगर का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो उठा।
कलश यात्रा का शुभारंभ थाना परिसर के सामने स्थित प्राचीन दुर्गा माता मंदिर से हुआ। यात्रा मुख्य बाजार, काली माता मंदिर एवं हनुमान मंदिर सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई पुनः दुर्गा माता मंदिर पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए। श्रद्धालुओं ने पूरे मार्ग में माता रानी की आराधना करते हुए सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम में मंदिर के मुख्य पुजारी के सान्निध्य में लंकुश सक्सेना, श्रीनिवास सक्सेना, चंद्रपाल कश्यप, नरेंद्र कश्यप, रामविलास कश्यप, राहुल सक्सेना, नंदकिशोर शर्मा, आसाराम कश्यप, नैतिक गुप्ता, सुनीता सक्सेना, राजेश्वरी गुप्ता, मुन्नी सिंह, कमला गुप्ता सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु, मातृशक्ति एवं नगरवासी उपस्थित रहे।
आयोजकों ने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा, काली माता प्रतिमा स्थापना एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम आगामी दिनों तक जारी रहेगा। उन्होंने सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण एवं धार्मिक कार्यक्रमों में सहभागिता करने की अपील की।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

