बदायूं
कादरचौक हिंसा में बड़ा एक्शन: पुलिस पर हमले के आरोप में 5 और गिरफ्तार, सरिया-पाइप व पेट्रोल की बोतल बरामद
केशव गुप्ता
बदायूँ। थाना जरीफनगर क्षेत्र के ग्राम कादरचौक में हरिओम की मौत के बाद हुए बवाल और पुलिस पर हमले के मामले में जरीफनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो लोहे के सरिये, एक लोहे का पाइप, एक प्लास्टिक की पेट्रोल की बोतल तथा एक डंडा बरामद किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 12/13 जुलाई की रात कादरचौक गांव में रास्ते में वाहन खड़ा करने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया था। मारपीट में घायल हरिओम की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। इस मामले में पहले ही छह नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
इसके बाद 14 जुलाई को पोस्टमार्टम के उपरांत कुछ बाहरी तत्वों ने ग्रामीणों को भड़काकर शव को ट्रैक्टर-ट्रॉली में रखकर नाधा चौकी के सामने सहसवान-नाधा मार्ग पर जाम लगा दिया। करीब पांच घंटे तक चले जाम के दौरान एंबुलेंस सहित आवश्यक सेवाओं के वाहन प्रभावित रहे। पुलिस के समझाने के बावजूद उपद्रवियों ने पेट्रोल डालकर आग लगाने का प्रयास किया और ट्रॉली से लोहे के सरिये, पाइप व डंडे निकालकर पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इस दौरान पथराव भी किया गया, जिससे कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।
उपद्रवियों ने सरकारी मोबाइल वाहन का शीशा तोड़ दिया तथा नाधा चौकी में तोड़फोड़ कर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। पुलिस का कहना है कि कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों को आग लगाने का भी प्रयास किया, जिसे समय रहते विफल कर दिया गया। वहीं एक व्यक्ति द्वारा आत्मदाह का प्रयास भी किया गया, जिसे पुलिस ने तत्काल रोककर उसकी जान बचाई। पुलिस ने संयम बरतते हुए आवश्यक बल प्रयोग कर स्थिति पर नियंत्रण पाया।
इस मामले में थाना जरीफनगर पर दर्ज मुकदमा संख्या 207/2026 में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मोनू सिंह (मुरादाबाद), आकाश उर्फ राकेश (संभल), विकास (मुरादाबाद), सचिन (इस्लामनगर, बदायूँ) तथा अमित (संभल) को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त सरिया, पाइप, पेट्रोल की बोतल और डंडा बरामद किया गया है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS), लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम एवं क्रिमिनल लॉ संशोधन अधिनियम की विभिन्न धाराओं में विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

