
se कादर चौक -बारात में आई लोडर की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत, ड्राइवर पुलिस के हवाले।
शादी की खुशियां मातम में बदलीं, लोडर की टक्कर से गई जान।
बदायूं 7 जुलाई ।
कादरचौक कस्बे में मंगलवार सुबह करीब 4 बजे एक दर्दनाक हादसे में 40 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान श्याम सिंह के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार श्याम सिंह के भाई चरन सिंह की बेटी कुसुमा की शादी सोमवार को थी। बारात जरीफनगर से आई थी। शादी की रस्में पूरी होने के बाद श्याम सिंह अपने घर के बाहर खड़ंजे पर चारपाई डालकर सो रहे थे।
इसी दौरान बारातियों के साथ आया एक लोडर वाहन चालक गाड़ी को दूसरी तरफ खड़ा करने के लिए बैक कर रहा था। बैक करते समय लोडर अनियंत्रित होकर श्याम सिंह की चारपाई पर चढ़ गया। हादसे में श्याम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजन तुरंत उन्हें अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उन्हें बरेली ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने लोडर वाहन और उसके चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
एक शादी के माहौल में हुई इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है।
—
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

