बदायूं
मोडिफाइड साइलेंसर पर परिवहन विभाग का शिकंजा, 5 बुलेट बाइक सीज; वर्कशॉप संचालकों को भी सख्त चेतावनी
बदायूं। माननीय उच्च न्यायालय इलाहाबाद (लखनऊ पीठ) के आदेशों के अनुपालन में ध्वनि प्रदूषण पर रोक लगाने के उद्देश्य से 29 एवं 30 जून 2026 को परिवहन विभाग और यातायात पुलिस द्वारा जनपद में विशेष संयुक्त अभियान चलाया गया। अभियान के तहत मोडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज आवाज उत्पन्न करने वाले वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई।
जिलाधिकारी एवं शासन के निर्देशों के क्रम में जनपद के प्रमुख चौराहों पर विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन/प्रशासन) हरिओम एवं यात्री मालकर अधिकारी अभिनव चौधरी के नेतृत्व में कुल 22 बुलेट मोटरसाइकिलों की जांच की गई। इनमें से 5 बुलेट बाइक मोडिफाइड साइलेंसर लगी मिलने पर उन्हें पुलिस लाइन में सीज कर दिया गया।
इसके अलावा परिवहन विभाग की टीम ने जनपद में संचालित कई वाहन वर्कशॉपों का भी औचक निरीक्षण किया। वर्कशॉप संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी दोपहिया वाहन में ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले मोडिफाइड साइलेंसर न लगाएं। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसा पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
परिवहन विभाग ने कहा कि ध्वनि प्रदूषण रोकने और आमजन की सुविधा के लिए इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

