1:15 am Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

लखनऊ में ‘कॉकरोच’ का हल्लाबोल: NEET पेपर लीक पर ईको गार्डन में गरजे युवा, शिक्षा मंत्री का मांगा इस्तीफा

लखनऊ में ‘कॉकरोच’ का हल्लाबोल: NEET पेपर लीक पर ईको गार्डन में गरजे युवा, शिक्षा मंत्री का मांगा इस्तीफा।

लखनऊ 12 जून।

NEET-UG पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में लगातार हो रही धांधली के खिलाफ राजधानी लखनऊ शुक्रवार को युवाओं के गुस्से से गूंज उठी। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के बैनर तले हजारों छात्रों ने ईको गार्डन में जोरदार प्रदर्शन कर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।

शुक्रवार सुबह 11 बजे से ही CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके के नेतृत्व में युवा ईको गार्डन पहुंचने लगे। हाथों में तख्तियां, बैनर और ‘कॉकरोच आया, कॉकरोच आया’ के नारों के साथ छात्रों ने सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी NEET पेपर लीक, JEE डेटा लीक और यूपी की भर्तियों में अनियमितता का मुद्दा उठा रहे थे।


CJP संस्थापक अभिजीत दीपके जब प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे तो समर्थकों की भारी भीड़ में फंस गए। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें मंच तक पहुंचाया। प्रदर्शन को देखते हुए ईको गार्डन के चारों ओर बैरिकेडिंग की गई थी। पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स की भारी तैनाती रही।

सीजेपी ने मांग की केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का तत्काल इस्तीफा दे,
NEET-UG परीक्षा दोबारा निष्पक्ष तरीके से कराई जाए। पेपर लीक के दोषियों को कड़ी सजा मिले। NTA को भंग कर नया परीक्षा निकाय बने।
सभी भर्ती परीक्षाएं CBT मोड में हों।

अभिजीत दीपके ने मंच से कहा, “यह लड़ाई लंबी है, हम पीछे हटने वाले नहीं। सरकार ने 5 बजे तक जवाब नहीं दिया तो आंदोलन और तेज होगा।” उन्होंने एलान किया कि लखनऊ के बाद अमृतसर और बेंगलुरु में प्रदर्शन होगा और 20 जून को दिल्ली के जंतर-मंतर पर महाआंदोलन किया जाएगा।

CJP का यह प्रदर्शन दिल्ली से शुरू हुए देशव्यापी आंदोलन का हिस्सा है। इससे पहले दिल्ली के जंतर-मंतर और पुणे में प्रदर्शन हो चुके हैं। पटना में AISA ने भी CJP को समर्थन दिया है। ऋचा चड्ढा, प्रकाश राज और अतुल कुलकर्णी समेत कई सेलेब्स भी आंदोलन के समर्थन में आ चुके हैं।

लखनऊ में प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन गोरखपुर में शिक्षा मंत्री का पुतला फूंकने पर पुलिस से नोकझोंक हुई थी। 3 लोगों को हिरासत में लिया गया था। लखनऊ पुलिस ने इस बार पहले से पुख्ता इंतजाम किए थे।

3 मई को हुई NEET-UG परीक्षा का पेपर लीक होने के बाद NTA ने परीक्षा रद्द कर 21 जून को री-एग्जाम का एलान किया है। छात्रों का आरोप है कि JEE का डेटा भी लीक हुआ है। यूपी में लेखपाल, दरोगा भर्ती समेत कई परीक्षाओं में धांधली के आरोप लगे हैं।

विज्ञापन एक्सप्रेस