बिल्सी। नगर के मोहल्ला संख्या दो स्थित अपने आवास पर आयोजित बैठक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए युवा नगर अध्यक्ष आदित्य माथुर ‘सोनू’ ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर महंगाई को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई ने आम जनता का जीवन कठिन बना दिया है और गरीब तथा मध्यमवर्गीय परिवार आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।
आदित्य माथुर ने कहा कि खाद्य पदार्थों, रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल समेत दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम लोगों का घरेलू बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। सरकार के पास महंगाई रोकने के लिए कोई ठोस योजना नहीं है, जिसके कारण प्रदेश और देश की जनता लगातार परेशानियों का सामना कर रही है।
उन्होंने कहा कि महंगाई का सबसे अधिक असर गरीब और मजदूर वर्ग पर पड़ रहा है। परिवारों के लिए घर का खर्च चलाना मुश्किल होता जा रहा है। युवाओं के सामने रोजगार का संकट भी बना हुआ है, जिससे लोगों में सरकार के प्रति नाराजगी बढ़ रही है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि जनता अब सब कुछ देख और समझ रही है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और जनसमस्याओं का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनहित के मुद्दों को लेकर लोगों के बीच जाने और पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। बैठक में आकाश बाबू, मोनू, योगेश कुमार, सनी कुमार, गुड्डू शर्मा आदि कार्यकर्ताओं मौजूद रहे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

