12:39 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

महंगाई का तगड़ा झटका: 10 दिन में चौथी बार बढे पेट्रोल-डीजल के दाम

महंगाई का तगड़ा झटका: 10 दिन में चौथी बार बढे पेट्रोल-डीजल के दाम।

डीजल 2.71 रुपये और पेट्रोल 2.61 रुपये हुआ महंगा, आम आदमी की जेब पर पड़ेगा सीधा असर

नई दिल्ली 25 मई ।
तेल कंपनियों ने सोमवार सुबह-सुबह आम आदमी को महंगाई का बड़ा झटका दे दिया। 10 दिन के अंदर चौथी बार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ा दिए गए हैं। इस बार पेट्रोल 2.61 रुपये और डीजल 2.71 रुपये प्रति लीटर महंगा हुआ है।

कहां पहुंची कीमतें?

नई बढ़ोतरी के बाद राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है। कोलकाता में तो पेट्रोल 113.51 रुपये लीटर बिक रहा है, जो चारों महानगरों में सबसे महंगा है। मुंबई में पेट्रोल 111.21 रुपये और चेन्नई में 107.77 रुपये प्रति लीटर हो गया है।

क्यों लग रही आग?

विशेषज्ञों की मानें तो अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल महंगा होने, रुपया कमजोर पड़ने और रिफाइनिंग कॉस्ट बढ़ने से तेल कंपनियों पर दबाव है। लंबे समय तक दाम स्थिर रखने के बाद अब कंपनियां एक साथ बोझ उपभोक्ताओं पर डाल रही हैं। 10 दिन में ही पेट्रोल-डीजल करीब 5 रुपये तक महंगा हो चुका है।

आपकी थाली भी होगी महंगी

डीजल महंगा होने का सीधा असर ट्रांसपोर्ट पर पड़ेगा। माल ढुलाई का खर्च बढ़ने से सब्जी, दूध, फल समेत रोजमर्रा का सामान महंगा होना तय है। खेती की लागत भी बढ़ेगी। यानी सिर्फ गाड़ी चलाना ही नहीं, घर चलाना भी महंगा पड़ेगा।

शनिवार को भी लगा था झटका

इससे पहले शनिवार को भी पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा किया गया था। लगातार बढ़ रहे दामों से मध्यम वर्ग और रोज सफर करने वालों की टेंशन बढ़ गई है।


सरकार ने तेल कंपनियों को रोज दाम तय करने की छूट दे रखी है। कीमतें कच्चे तेल के अंतरराष्ट्रीय रेट, डॉलर-रुपये के भाव और टैक्स पर तय होती हैं।

विज्ञापन एक्सप्रेस