शाहजहांपुर में रिश्तों का खूनी खेल: सगे भाई ने ही उतारा मौत के घाट, अवैध संबंधों के राज ने खोली हत्या की परतें
शाहजहांपुर। जिले के थाना सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने ऐसा खुलासा किया है, जिसने पूरे इलाके को हैरान कर दिया। जिस भाई ने पड़ोसी पर हत्या का आरोप लगाकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, वही आखिरकार अपने ही सगे भाई का कातिल निकला। पुलिस ने आरोपी को आलाकत्ल डंडे समेत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक यह खौफनाक वारदात सिर्फ पारिवारिक विवाद नहीं, बल्कि रिश्तों के उलझे जाल और अवैध संबंधों की कहानी बन गई थी। मामला खुलते ही गांव में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया।
बताया जा रहा है कि 15 मई 2026 को ग्राम हैदरपुर निवासी रानू कुमार ने थाना सेहरामऊ दक्षिणी में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसके पिता पप्पू की हत्या गांव के ही नरेश ने डंडे से वार कर की है। पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की, लेकिन विवेचना में जो सच सामने आया उसने सबको चौंका दिया।
जांच में पता चला कि मृतक पप्पू की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसके सगे भाई आनन्द उर्फ जानकी ने ही की थी। पुलिस ने सोमवार सुबह करीब पांच बजे हैदरपुर से डींगुरपुर मार्ग स्थित सवैयापुर पुल के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने जो कहानी बताई, वह किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं निकली। पुलिस के अनुसार चार साल पहले रानू हरिद्वार निवासी काजल को शादी कर गांव लाया था। बाद में काजल की मां कलावती ने आरोपी आनन्द से शादी कर ली। कुछ समय बाद काजल अपने पति रानू को छोड़कर चली गई, जिसके बाद कलावती और रानू के बीच नजदीकियां बढ़ने लगीं।
आरोपी का कहना है कि मृतक पप्पू को इन संबंधों की जानकारी हो गई थी और वह पूरे गांव में राज खोलने तथा रानू को सब बताने की धमकी देता था। इसी बात को लेकर परिवार में लगातार तनाव बना हुआ था।
14 मई की रात पप्पू डींगुरपुर मरघट के पास शराब के नशे में पड़ा था और आरोपी तथा कलावती के संबंधों को लेकर हंगामा कर रहा था। इसी दौरान गुस्से में आए आनन्द ने खेत में पड़ा डंडा उठाकर पप्पू के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी ने डंडा झाड़ियों में छिपा दिया और पुलिस को गुमराह करने के लिए दूसरे व्यक्ति को फंसाने की साजिश रच डाली।
हालांकि सेहरामऊ दक्षिणी पुलिस ने बारीकी से जांच करते हुए पूरे हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
इस सनसनीखेज खुलासे के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। लोग इस बात से स्तब्ध हैं कि अवैध संबंधों और पारिवारिक कलह ने एक भाई को इतना बेरहम बना दिया कि उसने अपने ही सगे भाई की जान ले ली।
केशव गुप्ता
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

