शाहजहांपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी: डकैती की साजिश नाकाम
, बिहार में चोरी करने वाले 5 शातिर बदमाश दबोचे
तमंचा, स्मैक, लाखों के जेवर और इनोवा कार बरामद, कई जिलों में दर्ज हैं संगीन मुकदमे
शाहजहांपुर। जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रोजा पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त टीम ने डकैती की योजना बना रहे पांच शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से बिहार से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर, अवैध तमंचा, स्मैक, नकब लगाने के औजार और टोयोटा इनोवा कार बरामद की है। पुलिस कार्रवाई के बाद अपराध जगत में हड़कंप मच गया।
पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में चल रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत रविवार देर रात थाना रोजा पुलिस को सूचना मिली कि कुछ शातिर अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में परी नमकीन फैक्ट्री तिराहे के पास खड़े हैं। सूचना मिलते ही थाना रोजा पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से घेराबंदी कर तड़के करीब 3:10 बजे इनोवा कार में बैठे पांच बदमाशों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मगरूर, मिदरी, अबरम, पतले निवासी पंखाखेड़ा थाना मदनापुर तथा राहुल तौमर निवासी बदायूं के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से 103 ग्राम सोने के जेवर, 780 ग्राम चांदी के जेवर, 6.5 ग्राम स्मैक, एक देशी तमंचा .315 बोर, दो जिंदा कारतूस, हथौड़ा, सरिया, तीन मोबाइल फोन, नगदी और टोयोटा इनोवा कार बरामद की।
पूछताछ में बदमाशों ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि उन्होंने दो-तीन दिन पहले बिहार के गया जनपद के फतेहपुर क्षेत्र स्थित रघुनाथपुर गांव में एक घर में चोरी की थी। बरामद जेवर उसी वारदात से जुड़े हैं। आरोपी इनोवा कार से अलग-अलग राज्यों में घूमकर चोरी और डकैती की घटनाओं को अंजाम देते थे। घरों के ताले तोड़ने के लिए हथौड़ा और सरिये का इस्तेमाल किया जाता था और चोरी का माल आपस में बांट लिया जाता था।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार सभी आरोपी बेहद शातिर किस्म के अपराधी हैं। आरोपी मगरूर पर 20, मिदरी पर 30, अबरम पर 6, पतले पर 5 और राहुल तौमर पर 3 मुकदमे पहले से दर्ज हैं। इन पर हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, चोरी और डकैती समेत कई गंभीर धाराओं में शाहजहांपुर, फर्रुखाबाद, हरदोई, एटा, सीतापुर और मैनपुरी जिलों में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने थाना रोजा में मु0अ0सं0 224/2026 के तहत धारा 310(4)/317(2) बीएनएस, 3/25 आर्म्स एक्ट और 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
केशव गुप्ता
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

