*बेटे की अर्थी, हथकड़ी में पिता: अंतिम दर्शन को जेल से लाया गया बेबस बाप।
नोएडा में संदिग्ध मौत, गढ़िया चौरा में पसरा मातम।
बदायूं 16 मई।
उसहैत थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़िया चौरा में गुरुवार को रिश्तों की बेबसी का ऐसा मंजर दिखा कि देखने वालों की आंखें छलक पड़ीं। नोएडा में संदिग्ध हालात में मारे गए धर्मवीर का शव जब गांव पहुंचा, तो अंतिम दर्शन के लिए उसका पिता ब्रिजराज पुलिस की हथकड़ियों में जकड़ा हुआ लाया गया।
धर्मवीर की मौत नोएडा में हुई थी। सूचना पर पहुंची नोएडा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और विधिक कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया।
बेटे की मौत की खबर जेल में बंद पिता ब्रिजराज को मिली तो वह बिलख पड़ा। ब्रिजराज हत्या के प्रयास के एक मामले में जिला कारागार में निरुद्ध है। कोर्ट की अनुमति के बाद आज पुलिस कस्टडी में उसे गांव लाया गया।
हथकड़ी में बहते रहे आंसू
पुलिस वाहन से उतरते ही जैसे ही ब्रिजराज की नजर आंगन में रखे बेटे के शव पर पड़ी, वह खुद को रोक न सका। हथकड़ी बंधे हाथ शव को छूने के लिए तड़पते रहे, लेकिन बेबसी में वह फूट-फूटकर रो पड़ा। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद ग्रामीण भी अपने आंसू नहीं रोक पाए।
अर्थी के पीछे चलता रहा पिता
गांव वालों के मुताबिक अंतिम यात्रा का नजारा सबसे दर्दनाक था। आगे धर्मवीर की अर्थी थी और पीछे पुलिस के घेरे में हथकड़ी पहने पिता ब्रिजराज चल रहा था। गांव की हर गली में सन्नाटा था, बस सिसकियों की आवाज गूंज रही थी। लोगों ने कहा कि एक पिता के लिए इससे बड़ी सजा नहीं हो सकती।
जांच के घेरे में मौत
फिलहाल धर्मवीर की मौत की असल वजह सामने नहीं आई है। नोएडा पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। वहीं परिजनों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। पूरे गांव में मातम का माहौल है।
गांव में पसरा सन्नाटा
धर्मवीर की मौत के बाद से गढ़िया चौरा गांव में चूल्हे तक नहीं जले। ग्रामीणों ने बताया कि धर्मवीर नोएडा में काम करता था। पिता पहले से जेल में था, अब बेटे की मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

