बदायूं
गंगा एक्सप्रेस-वे पर सुरक्षा का हाई अलर्ट: डीएम-एसएसपी ने किया ताबड़तोड़ निरीक्षण, अफसरों में मचा हड़कंप

बदायूँ। जनपद में निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेस-वे को सुरक्षित और हादसा मुक्त बनाने के लिए प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। बुधवार को जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने संयुक्त रूप से गंगा एक्सप्रेस-वे क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित विभागों को सख्त निर्देश देते हुए साफ कहा कि सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम और एसएसपी ने एक्सप्रेस-वे पर दुर्घटनाओं की रोकथाम को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क किनारे, डायवर्जन स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में रैडियम रिफ्लेक्टर, चेतावनी संकेतक और सुरक्षा उपकरण तत्काल लगाए जाएं, ताकि खासकर रात्रि के समय वाहन चालकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। भारी और कमर्शियल वाहनों पर भी रिफ्लेक्टर लगाने के निर्देश दिए गए, जिससे अंधेरे में भी वाहन स्पष्ट दिखाई दें और हादसों की आशंका कम हो सके।
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई के संकेत दिए। एआरटीओ विभाग को निर्देशित किया गया कि ओवरलोड वाहनों, तेज रफ्तार और नियम तोड़ने वाले चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही यूपीडा और पुलिस विभाग को एक्सप्रेस-वे पर नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने के आदेश दिए गए, ताकि हर गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जा सके।
डीएम और एसएसपी ने आपातकालीन सेवाओं को लेकर भी अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी दुर्घटना या आकस्मिक स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू हो सके, इसके लिए एम्बुलेंस, क्रेन और अन्य राहत सेवाओं की उपलब्धता हर समय सुनिश्चित रखी जाए।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह एवं उपजिलाधिकारी सदर मोहित कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।
अंत में जनपद पुलिस और प्रशासन ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं और सुरक्षा उपाय अपनाकर अपनी यात्रा को सुरक्षित बनाएं।
केशव गुप्ता




badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

