चंद्रनाथ हत्याकांड का यूपी कनेक्शन: बंगाल पुलिस ने बदायूं से संभल तक खंगाले सुराग।
बदायूं, 9 मई 2026 ।
पश्चिम बंगाल में सनसनी बने शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ हत्याकांड की जांच अब उत्तर प्रदेश की देहरी पर आ चुकी है। आरोपियों की तलाश में बंगाल पुलिस की स्पेशल टीम शुक्रवार आधी रात बदायूं पहुंची, लेकिन असली निशाना निकला संभल का गुन्नौर।
हुआ यूं कि मोबाइल सर्विलांस में आरोपियों की आखिरी लोकेशन संभल के गुन्नौर में मिली। बंगाल पुलिस दबिश देने चली तो पुराने नक्शे के भरोसे सीधे बदायूं पहुंच गई। दरअसल गुन्नौर पहले बदायूं जिले का हिस्सा था, 2011 में संभल जिला बनने पर उधर चला गया। जिले की सीमा बदली, पर पुलिस का रिकॉर्ड नहीं।
सूत्र बताते हैं कि देर रात टीम ने एसएसपी अंकिता शर्मा से गोपनीय मुलाकात की। कॉल डिटेल, टावर लोकेशन और कुछ अहम तकनीकी इनपुट साझा किए गए। इसके बाद टीम बिना वक्त गंवाए संभल के लिए रवाना हो गई।
सूत्र बताते हैं कि चंद्रनाथ रथ की हत्या को सुपारी किलिंग से जोड़कर देखा जा रहा है। बंगाल पुलिस एसआईटी कई राज्यों में एक साथ दबिश दे रही है। यूपी में पहली बार टीम की एंट्री हुई है। हालांकि बदायूं पुलिस ने किसी भी गिरफ्तारी से इनकार किया है। अधिकारियों ने फिलहाल चुप्पी साध रखी है।
बंगाल में यह हत्याकांड बड़ा सियासी मुद्दा बन चुका है। शुभेंदु अधिकारी इसे “सोची-समझी साजिश” बता चुके हैं। अब यूपी कनेक्शन सामने आने से जांच का दायरा और बढ़ गया है।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

