सवा दो किलोग्राम अवैध गांजा पत्ती के साथ युवक को दबोचा
अंतरराष्ट्रीय बाजार में डेढ़ लाख की बताई जा रही है कीमत
बिल्सी। कोतवाली पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए सिमर्रा भोजपुर गांव के पास से एक युवक को गांजा पत्ती के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 2 किलो 300 ग्राम गांजा बरामद किया है। जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बिल्सी-वजीरगंज मार्ग स्थित सिमर्रा भोजपुर गांव के पास एक व्यक्ति अवैध गांजा लेकर खड़ा है। सूचना पर तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से गांजा पत्ती बरामद हुई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम शिवकुमार निवासी सिमर्रा भोजपुर बताया। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाल मनोज कुमार सिंह ने बताया कि बरामद गांजा पत्ती की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये आंकी गई है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को सोमवार को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
