7:22 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

सिलेंडर लेने को लोग एजेंसी पर दे रहे बहुभोज का कार्ड

सिलिंडर संकट- शादी वाले घरों में चिंता, कैटर्स प्लान बी पर कर रहे विचार।

सिलेंडर लेने को लोग एजेंसी पर दे रहे बहुभोज का कार्ड।

बदांयू 28 मार्च।

ईरान-इजराइल-अमेरिका युद्ध के चलते गैस सिलिंडर की किल्लत के बीच लोगों को दिक्कतों को सामना करना पड़ रहा है। अब इसका असर आने वाली सहालगों पर पड़ने लगा है। कुछ कैटर्स ने सिलिंडर की कमी के चलते कैटरिंग के आर्डर लेना बंद कर दिया है।

वहीं शहर के कुछ कैटर्स सिलिंडर की कमी को दूर करने के लिए कोयले की भट्टी व इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से काम करने का प्लान तैयार कर रहे हैं।

सहालग नजदीक आते ही जहां शादी वाले घरों में तैयारियां जोरों पर हैं, वहीं गैस की कमी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

सबसे ज्यादा परेशानी कैटरिंग व्यवसाय से जुड़े लोगों को हो रही है। सिलिंडर की अनिश्चित उपलब्धता के कारण कुछ कैटर्स ने फिलहाल नए ऑर्डर लेना बंद कर दिया है, जबकि कई पुराने ऑर्डर को लेकर भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है। उनका कहना है कि समय पर पर्याप्त गैस नहीं मिलने पर आयोजन प्रभावित हो सकता है। वहीं शहर के कुछ कैटर्स ने इस संकट से निपटने के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाओं पर काम शुरू कर दिया है।

इनमें इलेक्ट्रिक चूल्हे, इंडक्शन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के इस्तेमाल की योजना बनाई जा रही है, ताकि कार्यक्रम बिना बाधा के संपन्न कराए जा सकें। शादी वाले परिवार भी अब अतिरिक्त सिलिंडर की व्यवस्था करने या वैकल्पिक ईंधन की तलाश में जुट गए हैं। यदि जल्द ही गैस आपूर्ति सामान्य नहीं हुई, तो सहालग के सीजन में व्यापक असर देखने को मिल सकता है।

केटरिंग व्यवसाय से जुड़े एक केटर्स ने बताया कि प्रतिदिन एक-दो लोग आ रहे हैं। उनसे बताया जा रहा है कि गैस की दिक्कत हैं, ऐसे में कोयला या लकड़ी का विकल्प रहेगा। आप मेरिज होम वालों से बात कर ले। उन्हें धुआं से दिक्कत तो नहीं होगी।

बोले उपभोक्ता —

21 अप्रैल को बेटे की शादी है और 23 को बहुभोज देना है। इसमें 700-800 लोगों के खानपान की व्यवस्था है। अब ऐसे में गैस की किल्लत के चलते लकड़ी की व्यवस्था की जा रही है। अगर तीन-चार गैस सिलिंडर भी मिल जाता तो काम हो जाता। – राकेश कुमार, बदांयू।

25 अप्रैल को पोती की शादी है, गैस सिलिंडर नहीं मिल रहा है। शादी में लगभग 900 से 1000 लोगों के आने की संभावना है, 8 से 9 सिलिंडर लगेंगे, पर यह संभव नहीं हो पा रहा है। ऐसी स्थिति में लकड़ी पर भोजन बनाया जाएगा और लोगों की व्यवस्था में कमी की जाएगी। – अनिकेत कुमार, अलापुर बदायूं।

लालपुल क्षेत्र के एक निवासी ने गैस एजेंसी पर अपनी माता के ब्रह्मभोज के लिए गैस एजेंसी को कार्ड देने के साथ ही गैस सिलिंडर की मांग की। कहा कि मां का ब्रह्मभोज है, ऐसे में उसे सिलिंडर दे दिए जाएं पर उन्हें भी मायूस होकर लौटना पड़ा। गैस एजेंसी मालिक ने कहा कि इस तरह से गैस नहीं मिल पाएगी।

टिकट गंज में लड़के की शादी की व्यवस्था में भी लोग लकड़ी का ही प्रयोग करेंगे। अर्जुन सिंह ने बताया कि परिवार में लड़के की शादी है और बहुभोज भी करना है, गैस की समस्या बढ़ती जा रही है।

विज्ञापन एक्सप्रेस