वजीरगंज बना आलू भंडारण शीतगृहों का हब
किसानो की खुशहाली का मजबूत आधार
वजीरगंज, बदायूं
विकासखंड वजीरगंज क्षेत्र आज न सिर्फ बदायूं जनपद बल्कि पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आलू उत्पादन और भंडारण का प्रमुख केंद्र बनकर उभर रहा है। क्षेत्र की उपजाऊ मिट्टी, अनुकूल जलवायु और किसानों की मेहनत का ही परिणाम है कि वजीरगंज में आलू की खेती बड़े पैमाने पर की जाती है और अब यहां आलू भंडारण शीतगृहों (कोल्ड स्टोरेज) का जाल भी तेजी से फैल रहा है।
वर्तमान समय में वजीरगंज क्षेत्र में करीब 30 से अधिक आलू शीतगृहों का निर्माण हो चुका है, जबकि नए-नए कोल्ड स्टोरों का शुभारंभ लगातार हो रहा है। आए दिन क्षेत्र में किसी न किसी नए शीतगृह का उद्घाटन जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों और सामाजिक लोगों के हाथों किया जा रहा है, जिससे यह क्षेत्र धीरे-धीरे ‘आलू भंडारण हब’ के रूप में अपनी पहचान बना रहा है।
वजीरगंज की मिट्टी, आलू की पहचान
कहने को तो बदायूं जनपद पहले से ही आलू उत्पादन के लिए जाना जाता है, लेकिन बिसौली तहसील के अंतर्गत आने वाला वजीरगंज क्षेत्र अपनी अलग पहचान रखता है। आलू व्यापारियों का कहना है कि वजीरगंज की दोमट एवं बलुई मिट्टी, संतुलित नमी और जल निकास व्यवस्था आलू की फसल के लिए अत्यंत अनुकूल है।
यही कारण है कि यहां उगाया गया आलू आकार में समान, स्वाद में बेहतर और भंडारण क्षमता में मजबूत होता है।
आलू व्यापारियों के अनुसार वजीरगंज का आलू देश की प्रमुख मंडियों—विशेष रूप से दिल्ली की मंडियों—में प्राथमिकता के आधार पर खरीदा जाता है। इतना ही नहीं, यहां के आलू की गुणवत्ता के चलते कुछ अन्य देशों में भी इसकी मांग लगातार बढ़ रही है। व्यापारियों का साफ कहना है कि “वजीरगंज का आलू भरोसे का नाम है।”
किसानों को मिला बड़ा सहारा
क्षेत्र में कोल्ड स्टोरेज की संख्या बढ़ने से सबसे अधिक लाभ स्थानीय किसानों को मिल रहा है। अब किसान मजबूरी में औने-पौने दाम पर आलू बेचने को विवश नहीं हैं। वे अपने आलू को शीतगृहों में सुरक्षित रखकर उचित समय का इंतजार कर सकते हैं और बाजार में बेहतर भाव मिलने पर बेचकर अच्छा मुनाफा कमा रहे हैं।
वहीं दूसरी ओर, क्षेत्र में पर्याप्त कोल्ड स्टोरेज उपलब्ध होने से स्थानीय लोगों को भी सस्ते दामों पर अच्छा और गुणवत्तापूर्ण आलू पूरे वर्ष उपलब्ध हो पा रहा है। इससे न सिर्फ किसानों की आमदनी बढ़ी है बल्कि आम उपभोक्ताओं को भी राहत मिली है।
क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मिल रही नई दिशा
लगातार खुल रहे शीतगृहों से वजीरगंज क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों में तेजी आई है। स्थानीय युवाओं को रोजगार मिला है, व्यापार बढ़ा है और क्षेत्र का नाम प्रदेश स्तर पर आलू उत्पादन एवं भंडारण के नक्शे पर तेजी से उभर रहा है
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

