राजकीय महिला महाविद्यालय, बदायूं में दिनांक 18 एवं 19 फरवरी 2026 को दो दिवसीय युवा महोत्सव ‘रम्य’ का उत्साहपूर्ण आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. वंदना द्वारा की गई। प्रथम दिवस पर मुख्य अतिथि प्रो. डॉ. सुधीर कुमार, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी, बरेली परिक्षेत्र तथा विशिष्ट अतिथि प्रो. डॉ. सुधीर कुमार, पूर्व निदेशक शोध निदेशालय, महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय, बरेली रहे। मंच संचालन डॉ. ऋषभ भारद्वाज एवं डॉ. भावना सिंह द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि एवं प्राचार्या द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। अंजलि एवं अंशिका द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना तथा महाविद्यालय के कुलगीत ने वातावरण को भक्तिमय एवं गरिमामय बना दिया। अतिथियों का बैज अलंकरण एवं पौध भेंट कर स्वागत किया गया। प्राचार्या डॉ. वंदना ने अपने स्वागत उद्बोधन में छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी हेतु प्रेरित किया। इस अवसर पर महाविद्यालय की पत्रिका एवं पुस्तक के प्रथम अंक का विमोचन भी संपन्न हुआ।
प्रतियोगिताओं के अंतर्गत लोकनृत्य (एकल) प्रतियोगिता में राधिका पाल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि इशिका सैनी एवं महक देवल संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहीं तथा मंजरुल फात्मा ने तृतीय स्थान अर्जित किया। लोकनृत्य (समूह) प्रतियोगिता में महक देवल एवं हंसमुखी की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया तथा रुचि पाल एवं प्रीति कुमारी द्वितीय स्थान पर रहीं। लोकगीत गायन प्रतियोगिता में पल्लवी ने प्रथम, इशिका सैनी ने द्वितीय तथा रिया राना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। गमला सज्जा प्रतियोगिता में सुमैरा रहमान प्रथम, तैबा एवं इशिका द्वितीय तथा इल्मा तृतीय स्थान पर रहीं। कबाड़ से जुगाड़ प्रतियोगिता में महक देवल ने प्रथम, तैबा ने द्वितीय तथा इशिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
द्वितीय दिवस पर आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता में इल्मा एवं तैबा ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि निशा एवं अनमता इस्लाम द्वितीय तथा प्रेरणा शर्मा, राधिका पाल एवं मन्तशा हसन तृतीय स्थान पर रहीं। रंगोली प्रतियोगिता में तैबा एवं अनमता इस्लाम ने प्रथम, निशा एवं रिया राना ने द्वितीय तथा राधिका पाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
दो दिवसीय युवा महोत्सव ‘रम्य’ में छात्राओं ने अत्यंत उत्साह, अनुशासन एवं रचनात्मकता के साथ सहभागिता की। कार्यक्रम के समापन पर विजेताओं को पुरस्कृत किया गया तथा महाविद्यालय परिवार ने आयोजन की सफलता पर हर्ष व्यक्त किया। यह महोत्सव छात्राओं के सर्वांगीण विकास एवं सांस्कृतिक चेतना को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सार्थक प्रयास सिद्ध हुआ।




badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

