
सहसवान (बदायूं): क्षेत्र में आवारा कुत्तों और बंदरों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पर एंटी-रेबीज वैक्सीन लगवाने वालों की भारी भीड़ उमड़ रही है। प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में लोग इलाज के लिए अस्पताल पहुँच रहे हैं, जो क्षेत्र में बढ़ते खतरे की ओर इशारा कर रहा है।
प्रतिदिन 200 के पार पहुँच रहा आंकड़ा
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहसवान के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रशांत त्यागी ने स्थिति की गंभीरता पर जानकारी देते हुए बताया कि पिछले कुछ समय में वैक्सीन लगवाने वालों की संख्या में भारी इजाफा हुआ है।
डॉ. त्यागी के अनुसार, प्रतिदिन औसतन 160 से लेकर 220 लोग कुत्ते या बंदर के काटने के बाद वैक्सीन लगवाने अस्पताल आ रहे हैं। इतनी बड़ी संख्या में मरीजों के आने से स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों पर काम का बोझ भी बढ़ गया है।
डॉ. प्रशांत त्यागी ने आश्वासन दिया कि मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अस्पताल में वैक्सीन की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रशासन पूरी कोशिश कर रहा है कि आने वाले हर व्यक्ति को समय पर उचित उपचार और वैक्सीन मिल सके।
क्षेत्र में बंदरों और कुत्तों के काटने की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। हम प्रतिदिन 200 के करीब मरीजों को वैक्सीन लगा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com