कुंवरगांव। क्षेत्र के ग्राम हसनपुर में ग्राम देवी मंदिर परिसर में मां काली एवं भैरव बाबा की मूर्ति स्थापना को लेकर चल रहे धार्मिक आयोजनों के तहत शनिवार को पूरा गांव श्रद्धा और आस्था के रंग में रंगा नजर आया। ढोल-नगाड़ों की गूंज और बैंड-बाजों की मधुर धुनों के बीच निकली भव्य बारात ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
बारात के गांव के प्रमुख रास्तों से गुजरते ही श्रद्धालुओं ने फूल बरसाकर स्वागत किया। महिलाएं मंगल गीतों के माध्यम से अपनी आस्था प्रकट करती रहीं, जबकि युवाओं और बच्चों में खासा उत्साह दिखाई दिया। चारों ओर “जय मां काली” और “जय भैरव बाबा” के जयकारे गूंजते रहे।
आयोजन समिति ने जानकारी दी कि एक फरवरी को विधिवत पूजन-अर्चन के साथ मां काली एवं भैरव बाबा की मूर्तियों की प्राण-प्रतिष्ठा की जाएगी। इस धार्मिक कार्यक्रम को सफल बनाने में समस्त ग्रामवासियों का सहयोग सराहनीय रहा। कार्यक्रम में ज्ञानेंद्र सिंह, खेमपाल सिंह, गोविंद सिंह, रामरतन, अंकित सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

