8:25 am Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

बरेली। बेटियों की सुरक्षा और नशा–मुक्त भारत का दिया संदेश

बरेली। राष्ट्रीय मानव सेवा संस्थान ट्रस्ट (रजि.) भारत द्वारा खादी एवं स्वावलंबन उत्सव 2025 के मंच पर दो सामाजिक संदेश आधारित नाटकों — ‘नन्ही चिरैया’ एवं ‘नशा मुक्ति—एक युद्ध’ का प्रभावी मंचन किया गया। यह कार्यक्रम बरेली स्थित बिशप मंडल के मैदान में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में दर्शकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

‘नन्ही चिरैया’नाटक के माध्यम से समाज को संदेश दिया गया कि बेटी को गर्भ में न मारें, भ्रूण हत्या अपराध है। बेटियां आज देश का नाम रोशन कर रही हैं और उन्हें जीने, सीखने और आगे बढ़ने का पूरा अधिकार है। इस नाटक की मुख्य नायिका एवं निर्देशन राष्ट्रीय मानव सेवा संस्थान की राष्ट्रीय अध्यक्ष बिंदु इशिका सिंघानिया रहीं, जिनके साथ प्रदीप मिश्रा और नेहा ने भी मंचन किया।

दूसरा नाटक ‘नशा मुक्ति — एक युद्ध’ युवाओं को मादक पदार्थों से दूर रहने का प्रेरक संदेश देने वाला रहा। इसमें बताया गया कि भांग, चरस, गांजा, स्मैक, अफीम, वोडका जैसे नशे युवाओं को बर्बादी की ओर धकेलते हैं और नशा मुक्त भारत के लिए समाज को मिलकर आगे आना होगा। इस नाटक में राष्ट्रीय महामंत्री नरेंद्र पाल, मुन्नी मोहन, नेहा, रामकिशोर, सुरेश चंद्र रस्तोगी और पप्पू मुख्य भूमिकाओं में नजर आए।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन संवर्धन परिषद (भारत) की साधना मिश्रा रहीं, जिन्होंने माता सरस्वती के चित्र पर मालार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

नाटक मंचन के उपरांत सभी कलाकारों को उत्तर प्रदेश खादी ग्राम उद्योग विभाग की ओर से सम्मानित प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर उपस्थित दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष बिंदु इशिका सिंघानिया, राष्ट्रीय महामंत्री नरेंद्र पाल, राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष पवन निहालानी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुकेश मेहंदीरत्ता, संरक्षक भारतेंद्र सिंह, डॉ. अखिलेश गुप्ता, डॉ. निलेश अग्रवाल (न्यूरोलॉजिस्ट) सहित अनेक पदाधिकारी एवं परिक्षेत्र ग्रामोद्योग अधिकारी बरेली मंडल मनोज कुमार गुप्ता व उनकी टीम उपस्थित रही।

विज्ञापन एक्सप्रेस