6:50 pm Thursday , 23 July 2026
BREAKING NEWS

सहसवान – अधिवक्ताओं की अनिश्चितकालीन हड़ताल, एसडीएम से वार्ता के दौरान नोकझोंक

सहसवान तहसील में भ्रष्टाचार के आरोपों पर अधिवक्ताओं की अनिश्चितकालीन हड़ताल, एसडीएम से वार्ता के दौरान हुई तीखी नोकझोंक

सहसवान (बदायूं)। तहसील कार्यालय परिसर में फैले कथित भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर चल रही अधिवक्ताओं की अनिश्चितकालीन हड़ताल बृहस्पतिवार को उस समय गरमा गई जब अधिवक्ताओं का प्रतिनिधिमंडल एसडीएम से वार्ता करने पहुंचा। वार्ता के दौरान दोनों पक्षों में जमकर तीखी नोकझोंक हुई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया और तहसील परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, तहसील न्यायालय में कार्यरत अधिवक्ताओं ने कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए कई दिनों से न्यायिक कार्य बहिष्कार का ऐलान कर रखा है। अधिवक्ताओं का कहना है कि जब तक भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
आज अधिवक्ता संघ के पदाधिकारी और कई वरिष्ठ वकील एसडीएम कार्यालय पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर वार्ता की कोशिश की। लेकिन बातचीत के दौरान माहौल गरम हो गया और दोनों पक्षों में तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते वहां हंगामा मच गया और तहसील परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूत्रों के अनुसार, अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही जांच की ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। वहीं, एसडीएम ने कहा कि सभी आरोपों की जांच नियमानुसार कराई जाएगी और किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होगा।

फिलहाल तहसील परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और स्थिति पर प्रशासन की कड़ी नजर बनी हुई है।

/रविशंकर

विज्ञापन एक्सप्रेस