बदायूँ: 19 जुलाई। बैंक ऑफ़ बड़ौदा के 118 वें स्थापना दिवस पर जोगीपुरा स्थित बैंक ऑफ़ बड़ोदा की मुख्य शाखा में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का प्रारम्भ दीप प्रज्वलन कर व मुख्य अतिथि समाजसेवी अशोक खुराना द्वारा केक काटकर किया गया। कार्यक्रम में जनपद के गणमान्य ग्राहकों ने प्रतिभाग किया । इस कार्यक्रम में बैंक के विशिष्ट ग्राहक कंचन गुप्ता, मोबीन सैफी, राशिद खान, प्रमोद गुप्ता, अब्दुल लतीफ, नूरस्वाह नकवी, अजीत कुमार सिंह आदि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में ग्राहकों को बैंक अधिकारियों द्वारा साइबर फ्रॉड, डिजिटल एरेस्ट एवं अन्य विषयों की विस्तार से जानकारी दी गई। ग्राहकों ने भी बैंक की बेहतर सेवा के लिए अपने सुझाव प्रस्तुत किये, जिनके अनुपालन के लिए मुख्य प्रबंधक विनोद कुमार सिंह ने आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अशोक खुराना ने कहा कि पहले लोग डकैती डालते थे, वर्तमान में साइबर फ्राड, व अधिक ब्याज का लालच देकर ग्राहकों से फ्राड किया जा रहा है। उन्होंनें बताया कि कुछ दिन पूर्व अमर ज्योति नामक कम्पनी ने फ्राड किया था। अब संज्ञान में आया है कि मोहल्ला जोगीपुरा में भी बरेली की एक कंपनी लोगों को अधिक ब्याज का लालच देकर फ्राड करने जा रही है। उन्होंने कहा कि बदायूं के भी कुछ लोग इस कार्य में कम्पनी के मददगार बने हुए हैं। जो लोगों को 20 माह में दो गुना रुपया करने का लालच देकर ग्राहक बनाने में लगे हुए हैं । उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों से हमें सावधान रहना चाहिए।
इस कार्यक्रम में बैंक के ग्राहकों के अतिरिक्त जनपद के अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विशाल भटनागर ने किया।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
