बदायूँ: 10 अगस्त। जिलाधिकारी अवनीश राय ने अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ नगर पंचायत कछला स्थित गौशाला का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने गौशाला परिसर में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए निर्देश दिए कि परिसर में इंटरलॉकिंग कराई जाए, साथ ही प्रकाश एवं अन्य विद्युत संबंधी व्यवस्थाओं के लिए सोलर पैनल लगवाए जाएं।
निरीक्षण के दौरान गौशाला में 226 गोवंश पाए गए। लगभग 30 छोटे गोवंश को छोड़कर सभी गोवंश की ईयर टैगिंग की जा चुकी है। जिलाधिकारी ने गोवंश के लिए हरे चारे, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई, छाया, प्रकाश व्यवस्था एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
उन्होंने निर्देश दिए कि गोवंश के लिए पर्याप्त मात्रा में चारे एवं स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता हर समय सुनिश्चित की जाए। गौशाला परिसर में नियमित रूप से साफ-सफाई बनाए रखी जाए तथा कमजोर गोवंश की समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराकर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जाए।
जिलाधिकारी ने गोवंश के संरक्षण एवं बेहतर देखभाल के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निरंतर सुनिश्चित करने तथा गौशाला की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने पर विशेष जोर दिया। इस अवसर पर केयरटेकर सहित अन्य संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
