नीट अभ्यर्थियों को CM योगी का बड़ा तोहफा, बस किराए में 50% छूट ।
मोहर्रम पर अस्त्र-शस्त्र और डीजे पर सख्त रोक”।
लखनऊ, 17 जून 2026
नीट परीक्षार्थियों के लिए राहत भरी खबर ,
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 21 जून को होने वाली नीट परीक्षा के अभ्यर्थियों को बड़ी राहत दी है। CM ने ऐलान किया कि उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में प्रवेश पत्र दिखाने पर अभ्यर्थियों को किराए में 50% की छूट मिलेगी।
21 जून को प्रदेश के 59 जिलों में नीट परीक्षा होगी जिसमें करीब साढ़े तीन लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। CM ने निर्देश दिए कि दूसरे जिलों से परीक्षा देने आने वाले ऐसे छात्रों के लिए, जिनके पास ठहरने की व्यवस्था नहीं है, अस्थायी आवासीय सुविधाएं भी मुहैया कराई जाएं।
मोहर्रम को लेकर सख्त निर्देश
मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए CM योगी ने साफ कहा कि मोहर्रम मातम का अवसर है, शक्ति प्रदर्शन का नहीं।
मोहर्रम के जुलूसों में किसी भी तरह के अस्त्र-शस्त्र के प्रदर्शन की अनुमति नहीं होगी। डीजे-ढोल पर नियंत्रण- कानफोड़ू डीजे, ढोल-ताशों के अनियंत्रित प्रयोग पर प्रभावी रोक लगेगी।ताजियों की ऊंचाई तय-दुर्घटना से बचाव के लिए ताजियों की ऊंचाई 10 से 12 फीट से ज्यादा नहीं रखी जाएगी।
CM ने दो टूक कहा कि सभी की आस्था का सम्मान होगा, लेकिन नई परंपरा का सृजन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
नीट परीक्षा पर फोकस: शुचिता से कोई समझौता नहीं
CM ने NTA के दिशा-निर्देशों के अनुसार परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता और संवेदनशीलता बनाए रखने के निर्देश दिए। सोशल मीडिया पर अफवाह या भ्रामक सूचना फैलाने वालों पर कड़ी निगरानी और त्वरित कार्रवाई के आदेश भी दिए गए हैं।
अफसरों को अल्टीमेटम
सभी जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षकों को मोहर्रम की व्यवस्थाओं को लेकर पहले से संवाद स्थापित करने और यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि किसी भी जिले में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ न हो। शांति भंग करने के प्रयासों पर कठोरतम कार्रवाई होगी।



badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

