2:02 am Wednesday , 22 July 2026
BREAKING NEWS

यूपी में 206 सीओ के तबादले: बदायूं में बदले दो सर्किल अफसर, आलोक सिद्धू और अंशुमान श्रीवास्तव की एंट्री

बदायूं

यूपी में 206 सीओ के तबादले: बदायूं में बदले दो सर्किल अफसर, आलोक सिद्धू और अंशुमान श्रीवास्तव की एंट्री

केशव गुप्ता

बदायूं/लखनऊ। उत्तर प्रदेश शासन ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए प्रदेशभर के 206 क्षेत्राधिकारियों (सीओ) के तबादले कर दिए हैं। इस व्यापक तबादला सूची में बदायूं जिले के दो प्रमुख क्षेत्राधिकारियों के नाम भी शामिल हैं। शासन के आदेश के बाद जिले में नए पुलिस अधिकारियों की तैनाती होने जा रही है, जिससे पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।
तबादला आदेश के अनुसार, बदायूं के सीओ सिटी रजनीश कुमार उपाध्याय को कासगंज भेजा गया है। मार्च 2025 से बदायूं नगर क्षेत्र की जिम्मेदारी संभाल रहे रजनीश कुमार उपाध्याय ने अपने कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण मामलों के सफल निस्तारण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई। उनके स्थान पर संभल में तैनात रहे आलोक सिद्धू को बदायूं का नया सीओ सिटी बनाया गया है।
वहीं, सीओ बिल्सी केके तिवारी का स्थानांतरण 30वीं वाहिनी पीएसी गोंडा में सहायक सेनानायक पद पर किया गया है। केके तिवारी अक्टूबर 2024 में दातागंज क्षेत्राधिकारी के रूप में बदायूं आए थे। बाद में मार्च 2026 में हुए चर्चित एचपीसीएल दोहरे हत्याकांड के बाद हुए प्रशासनिक फेरबदल में उन्हें बिल्सी सर्किल की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
शासन की सूची में अंशुमान श्रीवास्तव का नाम भी शामिल है, जिन्हें देवरिया से बदायूं स्थानांतरित किया गया है। माना जा रहा है कि जिले में पहुंचने के बाद उन्हें जल्द ही किसी महत्वपूर्ण सर्किल का कार्यभार सौंपा जाएगा।
प्रदेश स्तर पर हुए इस बड़े फेरबदल के बाद बदायूं पुलिस विभाग में नए समीकरण बनने शुरू हो गए हैं। नए अधिकारियों के आगमन और कार्यभार ग्रहण करने को लेकर पुलिस महकमे के साथ-साथ आम लोगों में भी चर्चा का माहौल है। शासन का मानना है कि इस तबादला नीति से कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी तथा मजबूत बनाया जा सकेगा।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.