1:51 pm Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

जगत सीएचसी में डॉक्टरों की मनमानी! डेढ़ बजे अस्पताल पहुंचा पीड़ित, न डॉक्टर मिले न पर्चा बना, कर्मचारियों पर मोबाइल छीनने का आरोप

बदायूं

जगत सीएचसी में डॉक्टरों की मनमानी! डेढ़ बजे अस्पताल पहुंचा पीड़ित, न डॉक्टर मिले न पर्चा बना, कर्मचारियों पर मोबाइल छीनने का आरोप

केशव गुप्ता

बदायूं। जनपद के विकास खंड जगत स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। आरोप है कि अस्पताल में तैनात डॉक्टर और कर्मचारी निर्धारित समय से पहले ही अस्पताल छोड़ देते हैं, जिससे दूर-दराज से आने वाले मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
ग्राम बमनी निवासी पंकज पुत्र बच्चूलाल ने आरोप लगाया कि उनके पुत्र को कुत्ते ने काट लिया था, जिसके उपचार और एंटी-रेबीज इंजेक्शन के लिए वह मंगलवार को करीब 1:30 बजे जगत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। लेकिन वहां न तो पर्चा बनाने वाला कर्मचारी मौजूद था और न ही कोई डॉक्टर अस्पताल में दिखाई दिया।
पीड़ित का कहना है कि अस्पताल परिसर खुला होने के बावजूद स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह ठप थीं। जब उन्होंने इस अव्यवस्था का वीडियो अपने मोबाइल फोन से बनाना शुरू किया तो वहां मौजूद कुछ कर्मचारियों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। पंकज का आरोप है कि कर्मचारियों ने उनका मोबाइल छीनकर वीडियो डिलीट कर दिया। हालांकि बाद में उन्होंने वीडियो को दोबारा रिस्टोर कर लिया।
पंकज ने दावा किया कि जगत सीएचसी में अक्सर डॉक्टर और कर्मचारी दोपहर एक बजे के आसपास ही अस्पताल छोड़ देते हैं, जबकि अस्पताल का निर्धारित समय इससे अधिक है। ऐसे में मरीज घंटों इंतजार करने को मजबूर होते हैं और उन्हें बिना उपचार के वापस लौटना पड़ता है।

मामले ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति घोर लापरवाही का मामला है। अब देखना होगा कि स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन इस मामले की जांच कर दोषी कर्मचारियों व चिकित्सकों के खिलाफ क्या कार्रवाई करता है।

विज्ञापन एक्सप्रेस