पुलिस मुठभेड़ में बाइक और मोबाइल लूट के तीन आरोपी गिरफ्तार, दो के पैर में लगी गोली
वजीरगंज (बदायूं)। थाना वजीरगंज पुलिस ने रविवार रात मुठभेड़ के दौरान बाइक और मोबाइल लूट की घटना में शामिल तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की फायरिंग में एक सिपाही घायल हो गया, जबकि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगने से वे घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, रविवार रात क्षेत्र में बदमाशों की मौजूदगी तथा किसी वारदात को अंजाम देने की सूचना मिली थी। इसके बाद थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चेकिंग अभियान शुरू किया। रात करीब 10 बजे संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान सिपाही प्रिंस चौधरी घायल हो गए।
आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में दो बदमाश घायल हो गए। उनकी पहचान फारूक उर्फ बादशाह उर्फ सफिया उर्फ सफी पुत्र रईस निवासी ग्राम धनौली, थाना बिल्सी (वर्तमान निवासी हरिद्वार, उत्तराखंड) तथा अमन चतुर्वेदी निवासी जिला टीकमगढ़, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है।
मुठभेड़ के दौरान तीसरा आरोपी सुरजीत उर्फ नानू उर्फ नन्नू निवासी ग्राम पराया, थाना तिलहर, अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। हालांकि पुलिस ने घेराबंदी कर उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि 9 मई को वजीरगंज-बिल्सी रोड स्थित ग्राम व्यौली की मढ़ी के पास बिल्सी क्षेत्र निवासी लोकेश बाबू से बाइक और मोबाइल लूट की घटना हुई थी। तभी से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से तीन तमंचे, खोखा कारतूस तथा एक बाइक बरामद की गई है। घायल बदमाशों और घायल सिपाही को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है


badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

