6:06 pm Wednesday , 29 July 2026
BREAKING NEWS

कादरचौक: जमीन के बैनामे में धोखाधड़ी, कब्जा करने गए युवक से मारपीट, तीन पर केस

कादरचौक: जमीन के बैनामे में धोखाधड़ी, कब्जा करने गए युवक से मारपीट, तीन पर केस।

कादरचौक, बदायूं 7 मई।

थाना कादरचौक क्षेत्र में जमीन के बैनामे को लेकर बड़ी धोखाधड़ी सामने आई है। एक ही जमीन का दो बार बैनामा करने का आरोप लगा है। कब्जा लेने पहुंचे युवक के साथ आरोपियों ने मारपीट भी की। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कादरचौक निवासी सत्यवीर पुत्र राजेश्वर ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की है। सत्यवीर का आरोप है कि ग्राम मामूरगंज निवासी गौतम सिंह और भूदेव सिंह पुत्रगण बनवारी लाल ने 10 फरवरी 2026 को खसरा नंबर 631 की 0.190 हेक्टेयर जमीन में से 0.0048 हेक्टेयर जमीन का बैनामा उनके नाम किया था।

लेकिन आरोपियों ने 16 फरवरी 2026 को षड्यंत्र रचकर उसी खसरे की 0.032 हेक्टेयर जमीन जितेंद्र पुत्र चुन्नी को बेच दी।

सत्यवीर के मुताबिक, 20 फरवरी 2026 को सुबह 11 बजे जब वह अपनी खरीदी जमीन पर कब्जा लेने गया तो वहां जितेंद्र, गौतम सिंह और भूदेव सिंह मिले। विरोध करने पर आरोपियों ने उसका कालर पकड़कर जमीन पर गिरा दिया और लात-घूसों से मारपीट की। शोर मचाने पर राहगीरों ने उसे बचाया।

पीड़ित का आरोप है कि वह रिपोर्ट लिखाने थाना कादरचौक गया, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट नहीं लिखी। इसके बाद 28 मार्च 2026 को एसएसपी बदायूं को रजिस्ट्री डाक से प्रार्थना पत्र भेजा, फिर भी कार्रवाई नहीं हुई। मजबूर होकर सत्यवीर ने कोर्ट की शरण ली।

न्यायालय के आदेश पर थाना कादरचौक पुलिस ने धारा-173(4) बीएनएसएस के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच का जिम्मा उपनिरीक्षक अजयवीर सिंह को सौंपा गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच कर आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन एक्सप्रेस