बदायूं

जानी खुर्द की बेटी सलोनी जिंदल ने बढ़ाया मेरठ का मान, UPPSC में हासिल की 46वीं रैंक
मेरठ जनपद के जानी खुर्द क्षेत्र की रहने वाली सलोनी जिंदल ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की परीक्षा में 46वीं रैंक हासिल कर अपने परिवार, क्षेत्र और जिले का नाम रोशन कर दिया है। साधारण परिवार से आने वाली सलोनी की इस सफलता ने यह साबित कर दिया कि कड़ी मेहनत और मजबूत इरादों के दम पर बड़े से बड़ा लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
सलोनी जिंदल के पिता जानी खुर्द में एक छोटी किराना की दुकान चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपनी बेटी की पढ़ाई में कभी कमी नहीं आने दी। सलोनी ने भी अपने माता-पिता के संघर्ष को प्रेरणा बनाकर दिन-रात मेहनत की और आखिरकार UPPSC जैसी कठिन परीक्षा में 46वीं रैंक हासिल कर सफलता का परचम लहराया।
सलोनी की इस उपलब्धि से पूरे जानी खुर्द क्षेत्र में खुशी का माहौल है। जैसे ही उनकी सफलता की खबर फैली, क्षेत्र के लोगों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों ने उनके घर पहुंचकर परिवार को बधाई दी और मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की।
सलोनी जिंदल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुओं और परिवार के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो तो कोई भी सपना असंभव नहीं होता।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सलोनी की यह सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और आने वाले समय में और भी बच्चे प्रशासनिक सेवाओं में जाकर देश और समाज की सेवा करने के लिए प्रेरित होंगे।
केशव गुप्ता
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

