10:20 am Tuesday , 21 July 2026
BREAKING NEWS

बारिश ने उड़ाई आलू किसानों की नींद, तेज धूप निकली तो तबाह हो जाएगी फसल

उझानी- बदांयू 27 जनवरी।

उझानी सहित देहात क्षेत्र में मंगलवार दोपहर को शुरू हुई बारिश ने आलू किसानों की चिंता काफी बढ़ा दी है। लगातार नमी और बदलते मौसम के चलते आलू की फसल पर झुलसा रोग का गंभीर खतरा मंडराने लगा है। इससे किसानों की नींद उड़ गई है। वे फसल को लेकर काफी चिंतित नजर आ रहे हैं।

किसानों का कहना है कि इस समय खेतों में आलू की फसल लगभग 85 दिन की हो चुकी है। फसल संवेदनशील अवस्था में है। ऐसे में यदि बारिश के बाद तेज धूप निकलती है, तो झुलसा रोग तेजी से फैल सकता है। कुछ ही दिनों में पूरी फसल बर्बाद होने की आशंका बनी हुई है। नरऊ निवासी आलू किसान किशोरी लाल, देवेन्द्र सिंह छोटेलाल, समेत अन्य किसानों ने बताया कि मौसम में अधिक नमी होने से खेतों में रोग पनपने की संभावना बढ़ गई है।

किसानों के अनुसार, झुलसा रोग लगने पर पौधों की जड़ से लेकर पत्तियों तक झुलस जाती हैं। पूरा पौधा धीरे-धीरे नष्ट हो जाता है। किसानों ने बताया कि इस रोग के साथ-साथ फसल में चुर्री रोग की समस्या भी बढ़ जाती है। इससे आलू का कंद प्रभावित होता हैं। इसका सीधा असर पैदावार पर पड़ता है। उत्पादन में भारी गिरावट आ जाती है। यदि समय रहते बारिश ना रुकी तो सरसों की फसल भी प्रभावित होगी। बारिश तेज हुई तो फलियों से सरसों झड़ कर नीचे गिर जाऐगी।

आलू की मंदी ने वैसे ही किसानों की कमर तोड दी है कुछ उम्मीदें सरसों से थी वह भी लगता है बारिश की भेंट चढ़ जाएगी। जिले में दोपहर से हो रही हल्की बारिश ने किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें ला दी है।

राजेश वार्ष्णेय एमके

विज्ञापन एक्सप्रेस