7:55 pm Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

परौर में बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा पर नहीं फहराया गया राष्ट्रीय ध्वज

गणतंत्र दिवस पर लापरवाही, क्षेत्र में नाराज़गी

परौर।
77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर जहाँ पूरा देश देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया, वहीं शाहजहांपुर जनपद के परौर कस्बे में स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा पर राष्ट्रीय ध्वज न फहराए जाने से क्षेत्र में नाराज़गी का माहौल देखा गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर सभी सरकारी एवं अर्धसरकारी संस्थानों में ध्वजारोहण अनिवार्य होता है, लेकिन बैंक ऑफ बड़ौदा परौर शाखा में दिन भर तिरंगा नहीं फहराया गया। सुबह से ही लोग बैंक परिसर के बाहर राष्ट्रीय ध्वज की ओर निहारते रहे, लेकिन पूरे दिन ध्वजारोहण नहीं किया गया।

बताया जा रहा है कि शाखा प्रबंधक गेंदन लाल द्वारा कार्यालय में ध्वजारोहण नहीं किया गया और वे अपने निजी कार्यों में व्यस्त रहे। हैरानी की बात यह भी रही कि गणतंत्र दिवस के दिन बैंक शाखा में कोई कर्मचारी भी उपस्थित नहीं मिला, जिससे बैंक परिसर तिरंगे से सूना नजर आया।

इस घटना को लेकर क्षेत्रीय नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों ने नाराज़गी व्यक्त करते हुए जिम्मेदार अधिकारियों से जवाबदेही तय करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि इस तरह की लापरवाही से राष्ट्रीय भावनाएँ आहत होती हैं। कुछ ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि बैंक में सामान्य दिनों में भी कार्यप्रणाली संतोषजनक नहीं रहती।

जब इस संबंध में शाखा प्रबंधक से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उनका मोबाइल नेटवर्क क्षेत्र से बाहर बताया गया। समाचार लिखे जाने तक बैंक प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।

रिपोर्ट – हसरत अली ख़ान

विज्ञापन एक्सप्रेस