बरेली। राष्ट्रीय मानव सेवा संस्थान ट्रस्ट भारत की ओर से सी.आई पार्क बरेली में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर संस्थान के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने नेताजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष बिंदु इशिका सिंघानिया ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस भारत के महान स्वतंत्रता सेनानी थे। उनका जन्म कटक (उड़ीसा) में हुआ था। उन्होंने आज़ाद हिंद फौज का गठन कर सशस्त्र संघर्ष के माध्यम से अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़ी। “तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आज़ादी दूंगा” जैसा ओजस्वी नारा देकर उन्होंने देशवासियों में स्वतंत्रता की अलख जगाई और अपना सम्पूर्ण जीवन राष्ट्र को समर्पित कर दिया। उनकी मृत्यु आज भी एक रहस्य बनी हुई है, लेकिन उनकी वीरता और देशभक्ति सदैव प्रेरणास्रोत रहेगी।
राष्ट्रीय महामंत्री नरेंद्र पाल ने कहा कि नेताजी ने इंग्लैंड में भारतीय सिविल सेवा परीक्षा उत्तीर्ण करने के बावजूद देश की आज़ादी के लिए अपनी नौकरी त्याग दी। उनका जीवन देशभक्ति, त्याग और साहस का अद्भुत उदाहरण है।
राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष पवन निहालानी ने कहा कि द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान नेताजी ने जापान के सहयोग से आज़ाद हिंद फौज का नेतृत्व किया और अक्टूबर 1943 में सिंगापुर में आज़ाद हिंद की अंतरिम सरकार की स्थापना की, जिसे कई देशों ने मान्यता दी। विदेशी शक्तियों के विरुद्ध उनके संघर्ष के कारण ही वे “नेताजी” के नाम से विख्यात हुए।
कार्यक्रम में संरक्षण भारतेंदु सिंह, जे.आर. गुप्ता, सदस्य डॉ. अखिलेश गुप्ता, दामोदर सिंह, रामकिशोर, जिला उपाध्यक्ष आर्यन सिंह, जिला उपसचिव शैलेंद्र सिंह, राजेश खुराना सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com