श्री गुरु गोविन्द सिंह जी के पावन प्रकाश उत्सव के अवसर पर बदायूं नगर में निकले भव्य नगर कीर्तन का जोगीपुरा बदांयू में श्रद्धा, उत्साह और समरसता के साथ स्वागत किया गया।
यह स्वागत श्री सनातन धर्म सभा, श्री रघुनाथ जी मंदिर बदांयू के तत्वावधान में जोगीपुरा, पंजाबी क्वार्टर्स स्थित श्री कमल आहुजा जी (सुपुत्र स्व० श्री सुभाष आहुजा जी) के प्रतिष्ठान पर किया गया।
नगर कीर्तन के जोगीपुरा पहुंचते ही वातावरण “वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह” के जयघोष से गूंज उठा।
श्री सनातन धर्म सभा द्वारा नगर कीर्तन में सम्मिलित गुरु के प्यारों का पुष्पवर्षा एवं श्रद्धापूर्वक स्वागत किया गया तथा प्रेमपूर्वक प्रसाद वितरण किया गया। इस अवसर पर न केवल संगत ने, बल्कि मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों ने भी प्रसाद ग्रहण कर गुरु कृपा का अनुभव किया।
कार्यक्रम में श्री सनातन धर्म सभा के अध्यक्ष श्री देवेन्द्र कुमार चड्ढा जी सहित सभा के पदाधिकारी, सदस्यगण तथा श्री रघुनाथ जी मंदिर के अनेक श्रद्धालु एवं सेवक उपस्थित रहे।
साथ ही श्री विश्व हिंदू परिषद महिला संकीर्तन मंडल एवं नगर की अन्य नारी शक्तियों ने भी पूरे समर्पण भाव से सेवा में सहयोग करते हुए नगर कीर्तन का भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर श्री सनातन धर्म सभा के अध्यक्ष श्री देवेन्द्र कुमार चड्ढा जी ने कहा कि
“सनातन धर्म की मूल भावना सेवा, समरसता और मानवता है। श्री गुरु गोविन्द सिंह जी का जीवन त्याग, साहस और धर्मरक्षा का अनुपम उदाहरण है। ऐसे आयोजनों से समाज में आपसी भाईचारा, सांस्कृतिक एकता और आध्यात्मिक चेतना सुदृढ़ होती है। सनातन धर्म सभा सदैव सेवा के माध्यम से समाज को जोड़ने का कार्य करती रहेगी।”
वहीं सभा के मीडिया प्रभारी श्री हेमंत कुमार दुआ ने बताया कि
“नगर कीर्तन का स्वागत केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति और सिख परंपरा की साझी विरासत का जीवंत उदाहरण है। प्रसाद वितरण के माध्यम से बिना किसी भेदभाव के सभी को जोड़ने का प्रयास किया गया। सभा का उद्देश्य सदैव यही रहा है कि धर्म, सेवा और संस्कार समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचें।”







badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

