कुंवरगांव/बदायूं। थाना बिनावर क्षेत्र में चोरी की वारदातों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। तकीपुर, रसूलपुर, तिसंगा और बगुली नगर सहित कई गांवों में लगातार चोरी और डकैती की घटनाओं से ग्रामीण दहशत में हैं। सबसे चर्चित मामला सपा के पूर्व नेता मोद प्रकाश पाल के घर हुई 50 लाख की चोरी का है, जिसका अब तक पुलिस कोई खुलासा नहीं कर सकी है। घटना को कई दिन बीत जाने के बाद भी चोरों का कोई सुराग न लगना, पुलिस की कार्यप्रणाली को सवालों के कटघरे में खड़ा कर रहा है।
बीते एक माह में नरखेड़ा, निजामपुर, ददमई, ईशवनगर, भिन्दुलिया, नौसाना समेत दर्जनों पंचायत घर चोरी की घटनाओं का शिकार हुए, पर पुलिस अभी तक किसी बड़ी वारदात को सुलझाने में नाकाम साबित हुई है। चार दिन पहले बरेली–बदायूं हाईवे किनारे बने पंचायत घर से लाखों का सामान और बैटरी तक चोरी कर ले जाना सुरक्षा व्यवस्थाओं की पोल खोलता है।
सबसे गंभीर मामला बगुलीनगर निवासी और पूर्व सपा नेता मोद प्रकाश पाल के घर से लाखों के जेवरात और नगदी चोरी होने का है। परिजनों का आरोप है कि पुलिस कार्रवाई के नाम पर केवल खानापूर्ति कर रही है, जबकि घटना का खुलासा तो दूर, अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी तक नहीं हो सकी।
सहायक विकास अधिकारी पंचायत सालारपुर शिव कुमार ने भी स्वीकार किया कि
“दर्जनों पंचायत घरों से चोरी हो चुकी है, लेकिन अब तक किसी भी वारदात का खुलासा नहीं हुआ।”
वहीं ग्राम प्रधान नौसाना गिरीश पाल शाक्य का आरोप है—
“पुलिस ने पंचायत घर से हुई चोरी के खुलासे का दावा तो किया पर चोरी हुआ सामान आज तक नहीं दिया।”
पूर्व सपा नेता मोद प्रकाश पाल का कहना है—
“पुलिस ने उनकी लाखों की चोरी का खुलासा नहीं किया। मजबूर होकर उन्होंने आईजी, डीआईजी और एडीजी बरेली जोन को शिकायत पत्र प्रेषित कर न्याय की मांग की है।”
क्षेत्रीय लोगों में बढ़ते अपराध और पुलिस की निष्क्रियता को लेकर गहरा रोष व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर पुलिस की कार्रवाई इसी तरह सुस्त रही तो लोगों का कानून व्यवस्था से भरोसा उठ जाएगा।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com