नगर कुंवरगांव नवरात्रि की पावन आहट के साथ ही घर-घर में मां दुर्गा के स्वागत की तैयारियाँ शुरू हो गई हैं। मंदिरों में घंटों की गूंज और बाजारों की चहल-पहल यह संदेश दे रही है कि शक्ति की साधना का महापर्व द्वार पर है।
सोमवार से आरंभ हो रहे नवरात्रि पर्व पर सुबह कलश स्थापना के साथ अखंड ज्योति प्रज्वलित की जाएगी। मान्यता है कि सच्चे भाव और श्रद्धा से ज्योति जलाने वाले भक्तों की हर मनोकामना मां दुर्गा अवश्य पूरी करती हैं।
गांव और कस्बों के बाजार अब रंग-बिरंगी सजावट से गुलज़ार हो उठे हैं। पूजा सामग्री, माता की चुनरी, नारियल और सजावटी वस्तुओं की खरीदारी में महिलाओं व बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा है। हर कोई मां के दरबार में चढ़ाने के लिए कुछ न कुछ नया लेकर जा रहा है।
शारदीय नवरात्र को शास्त्रों में अत्यंत पवित्र बताया गया है। इन दिनों में किया गया संकल्प और नई वस्तुओं की खरीद जीवन में समृद्धि और सुख-शांति लेकर आती है। यही कारण है कि नवरात्रि की शुरुआत होते ही शुभ कार्यों की शुरुआत भी मानी जाती है।
व्यापारियों ने भी दुकानों को नए सिरे से सजा दिया है। हर ओर दीप, झालरों और माता के गीतों की धुन श्रद्धालुओं के मन को भक्ति से भर रही है। नवरात्रि की तैयारियों ने पूरे क्षेत्र का वातावरण भक्ति और आस्था से सराबोर कर दिया है।
रिपोर्टर अनुज रस्तोगी कुंवर गांव 

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com