5:42 pm Wednesday , 22 July 2026
BREAKING NEWS

रिश्ते ऐसे भी निभाया करो… हमसे मिलने भी आया करो- मुकेश मीत

इज्जत नगर रेलवे सभागार में हिंदी दिवस पर कविसम्मेलन।

बरेली 20 सितम्बर।

राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय, भारत सरकार तथा रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार मण्डल रेल प्रबन्धक कार्यालय, पूर्वोत्तर रेलवे, इज्जतनगर पर ‘राजभाषा सप्ताह समारोह-2025‘ को 14 सितम्बर से 19 सितम्बर, 2025 तक‘ मनाया गया। इसी क्रम में 19 सितम्बर, 2025 को राजभाषा विभाग के तत्वावधान में भव्य कवि सम्मेलन एवं पुरस्कार वितरण के साथ सप्ताह समारोह सम्पन हुआ।

कवि सम्मेलन का शुभारम्भ अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक, इज्जतनगर श्री मनोज कुमार ने माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया गया। सहायक मंडल कार्मिक अधिकारी एवं राजभाषा अधिकारी श्री बबलू ने कवियों का माल्यार्पण करं मंच पर स्वागत किया।

कवि सम्मेलन का शुभारम्भ बरेली के गीत एवं गजल के विख्यात कवि श्री कमल सक्सेना द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुआ ।

कवि डा. मुकेश मीत ने पूरे उत्साह से कविता प्रस्तुत किया-

रिश्ते ऐसे निभाया करो, हमसे मिलने भी कभी आया करो।
रूठने का है अगर अधिकार तुम्हें, मैं मनाऊँ तो मान जाया करो।।
उन्होनं एक व्यंगपूर्ण हास्य कविता भी सुनाई-

ये रतिया हो इतनी बेईमान, काट रही जुगनू के चालान।
बोले जुगनू कहाँ चले अब अपना गोरख धन्धा….

पंतनगर से आये वीर रस के कवि के.पी. सिंह ने राजभाषा सप्ताह समारोह की प्रसंशा करते हुए हिन्दी एवं वीर रस की कविता प्रस्तुत की।

पूर्व कार्यक्रम अधिकारी, आकाशवाणी, बरेली (गीत-गजल) के वरिष्ठ कवि राजेश गौड़ ने बेटियों का जिक्र करते हुए बेटी पर अपनी कविता सुनाई।

कवि सम्मेलन का समापन करते हुए संचालक पवन शंखधार ने भी मुक्तक कविता प्रस्तुत की।

इज्जतनगर मंडल के पूर्व राजभाषा अधिकारी, इज्जतनगर प्रभाकर कुमार मिश्र एवं पूर्व सचिव/मंडल रेल प्रबंधक पी.के. दीवाना ने हास्य कवितायें सुनाकर श्रोताओं को मन मुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम के अंत में अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार ने राजभाषा सप्ताह समारोह समापन के दौरान आयोजित की गईं विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए तथा कवियों एवं प्रतियोगिताओं के निर्णायकों को स्मृति चिन्ह प्रदान किये। उन्होनें अपने सम्बोधन में राजभाषा हिन्दी का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार के लिए प्रयासरत रहने का संकल्प दिलाया। कवि सम्मेलन के अंत में आए हुए सभी आगंतुकजनों का राजभाषा अधिकारी एवं सहायक कार्मिक अधिकारी श्री बबलु ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) भारत भूषण, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा, वरिष्ठ मंडल विद्युत इजीनियर (टीआरएस) योगेश कुमार, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (सवारी एवं माल डिब्बा) शुभम कुमार, मंडल संरक्षा आयुक्त पवन कुमार श्रीवास्तव सहित अधिकारी, पर्यवेक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.