विश्व हिंदू रक्षा परिषद के जिला अध्यक्ष यशवंत सिंह पर मुकदमा दर्ज, गौशाला में प्रधान पुत्र से मारपीट और 20 हज़ार की रंगदारी मांगने का आरोप
पीलीभीत। जिले के थाना न्यूरिया क्षेत्र की ग्राम पंचायत पंडरी से बड़ी खबर सामने आई है। यहां गौशाला में सेवा कर रहे प्रधान पुत्र से मारपीट और रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने विश्व हिंदू रक्षा परिषद के जिला अध्यक्ष यशवंत सिंह सहित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और ग्रामीणों में आक्रोश है।
प्रधान पुत्र कमल कुमार पुत्र नरायन लाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गौशाला में एक गौवंश की मृत्यु हो गई थी, जिसकी अंत्येष्टि अगले दिन सुबह कर दी गई। इसके बाद काले रंग की कार में सवार होकर विश्व हिंदू रक्षा परिषद के जिला अध्यक्ष यशवंत सिंह अपने साथियों गोपाल शर्मा, शैली उर्फ जौली गुप्ता और गौरव राणा के साथ गौशाला पहुंचे।
आरोप है कि आते ही इन लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और प्रधान पुत्र से 20 हज़ार रुपये की घूस/रंगदारी की मांग की। जब प्रधान पुत्र ने इसका विरोध किया तो दबंगई दिखाते हुए यशवंत सिंह और उसके साथियों ने लात-घूंसों और थप्पड़ों से मारपीट की। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने धमकी दी कि यदि पैसे नहीं दिए गए तो उसके खिलाफ फर्जी मुकदमा लिखवाकर जेल भिजवा दिया जाएगा। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए यशवंत सिंह समेत चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com