।बदांयू 6 अगस्त।
जिले में गंगा का जलस्तर डेंजर लेवल को पार कर गया है। जलस्तर बढ़ने के कारण उसहैत व सहसवान के 4 गांवों तक गंगा के पानी के पहुंचने का अनुमान है इसलिए इन्हें खाली कराने के आदेश दिए गये है इन गांवों के ग्रामीणों को स्कूलों में शिफ्ट करा दिया जाऐगा।
कछला गंगा के मीटर गेज में आज जलस्तर में वृद्धि होने का अनुमान है। गंगा के बैराजों से लगातार प्रवाह बढ़ रहा है। कछला ब्रिज पर गंगा का डेंजर लेवल 162.46 मीटर के निशान पर है। गंगा डेंजर लेवल से 6 सेंटीमीटर ऊपर 162.46 मीटर के निशान पर बह रही है।
इस सीजन का सर्वाधिक प्रवाह बिजनौर बैराज से 2.33 लाख क्यूसेक रहा है। बिजनौर बैराज से पानी का प्रवाह बढ़ने के पीछे मालन नदी के पानी को बताया जा रहा है। मालन बरसाती नदी है। मालन नदी में पहाड़ों की बारिश के कारण उफान आ गया। इससे बिजनौर बैराज पर गंगा में पानी बढ़ गया। बुधवार को बिजनौर से 1.74 लाख व नरौरा बेराज से 1.45 लाख क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया है यह जिले में कल तक पहुंचेगा। इससे बाढ़ की स्थिति और गंभीर होने के आसार हैं। प्रशासन ने बाढ़ को लेकर अलर्ट जारी किया है। हरिद्वार बैराज से भी गंगा में प्रवाह बढ़ा हुआ है। गंगा के तटीय इलाकों में लगातार स्थिति बिगड़ रही है।
उसहैत क्षेत्र के जटा ,ठकुरी नगला व प्रेमी नगला एंव सहसवान के तैलिया नगला गांव को सुरक्षा की वजह से खाली कराने के आदेश दिए गये है इन गांवों के ग्रामीणों को स्कूलों में शिफ्ट कराया जाऐगा।
डीएम अवनीश राय ने जिले के एसडीएम को बाढ़ प्रभावित इलाकों में टीमें सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि राजस्व कर्मियों को प्रभावित इलाके में भेजें और निगरानी करें। प्रभावित लोगों को बाढ़ चौकी पर पहुंचाएं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि वे सुरक्षित रूप से बाढ़ चौकी पर पहुंचें।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com