1:51 pm Wednesday , 22 July 2026
BREAKING NEWS

पीलीभीत: सैजना गांव में शेर ने खेत में काम कर रहे किसान को मार डाला, गांव में दहशत का माहौल

पीलीभीत: सैजना गांव में शेर ने खेत में काम कर रहे किसान को मार डाला, गांव में दहशत का माहौल

सैजना/न्यूरिया (जनपद पीलीभीत), 17 जुलाई 2025
पीलीभीत जिले के थाना न्यूरिया क्षेत्र के अंतर्गत सैजना गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां खेत में काम कर रहे एक किसान पर जंगली शेर ने हमला कर दिया। हमले में किसान की मौके पर ही मौत हो गई। इस भीषण घटना के बाद पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल व्याप्त है।

मृतक किसान की पहचान कालीचरण मौर्य (उम्र 45 वर्ष) के रूप में हुई है, जो सुबह रोज़ की तरह खेत पर काम करने गए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 6 बजे जंगल की दिशा से आए एक जंगली शेर ने अचानक उन पर झपट्टा मारा। शेर ने गले और सिर पर हमला किया, जिससे किसान की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना के समय खेतों में कुछ दूरी पर मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। शेर कुछ ही देर बाद झाड़ियों की ओर भाग निकला।

इस घटना से कुछ ही घंटे पहले कृषक कालीचरण की पत्नी मीना देवी और उनके साथ मौजूद एक मासूम बच्चे पर भी हमला किया गया था, जब वे खेत में भिंडी तोड़ने गए थे। दोनों गंभीर रूप से घायल होकर जिला अस्पताल में भर्ती हैं। दोहरी घटनाओं से गांव में आतंक का माहौल है।

ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले कुछ हफ्तों से गांव के आसपास जंगली जानवरों की आवाजाही बढ़ गई थी, लेकिन वन विभाग को कई बार सूचना देने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। गांववालों ने वन विभाग और जिला प्रशासन को खुली चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन करेंगे।

सूचना पर थाना न्यूरिया पुलिस, वन विभाग, और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि “शेर की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है, कैमरे लगाए जा रहे हैं और वन सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जा रही है।”

पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से आर्थिक सहायता व मुआवजे की मांग की है। मृतक परिवार की मांग है कि सरकार तत्काल वन्यजीव हमले में मुआवजा राशि, परिवार के एक सदस्य को नौकरी, और गांव में स्थायी वन चौकी की स्थापना करे।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.