।
बदायूं 27 मई ।
बदायूं राजकीय मेडिकल कॉलेज में लगातार विवादों और एक महिला की गलत ऑपरेशन के बाद हुई मौत पर शासन ने बड़ी कार्रवाई की है। प्राचार्य डॉ. अरुण कुमार को तत्काल प्रभाव से हटाकर झांसी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. शिव कुमार को बदायूं की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
हजरतपुर की शोभा चौहान का बीते दिनों मेडिकल कॉलेज में ऑपरेशन हुआ था। परिजनों ने गलत ऑपरेशन का आरोप लगाते हुए मंगलवार को अस्पताल में हंगामा किया। बुधवार को इलाज के दौरान शोभा की मौत हो गई। मामला लखनऊ तक पहुंचते ही शासन हरकत में आया।
चिकित्सा शिक्षा अनुभाग-1 की विशेष सचिव कृतिका शर्मा और संयुक्त सचिव आनंद कुमार त्रिपाठी की ओर से 26 मई को तबादला आदेश जारी हुआ। आदेश में कहा गया है कि जनहित में डॉ. शिव कुमार को तत्काल बदायूं मेडिकल कॉलेज का प्राचार्य नियुक्त किया जाता है और उन्हें तुरंत कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश हैं।
मेडिकल कॉलेज में अव्यवस्थाओं को लेकर पहले भी कई बार शासन को पत्र भेजे गए थे। महिला की मौत के बाद शासन ने जीरो टॉलरेंस दिखाते हुए सीधे प्राचार्य पर कार्रवाई की। इस फैसले के बाद कॉलेज स्टाफ में हड़कंप है। लोगों को नए प्राचार्य से व्यवस्थाओं में सुधार की उम्मीद है।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com