बिसौली। नवरात्रि के अंतिम दिन भक्तों ने माता सिद्धिदात्री की पूजा अर्चना की। मंदिरों में भंडारे व घरों में कन्याभोज कराकर माता के भक्तों ने व्रत खोले। सोमवार तड़के से ही नगर के प्रसिद्ध गंवादेवत मंदिर, बड़ा मंदिर, हाथी वालों का मंदिर, चौराहा मंदिर, मनोकामना बैनी महाराज, हथौड़ा देवी मंदिर आदि पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई। भक्तों ने फल, फूल इत्यादि के साथ माता का जलाभिषेक किया। मंदिरों में अज्ञारी कर लोगों ने माता से मनौतियां मांगी। शेरावाली के जयकारों से मंदिरों का वातावरण भक्तिमय हो गया। नगर में विभिन्न स्थानों पर माता का जागरण के पश्चात भंडारा आयोजित कर प्रसाद वितरित किया गया।
